सड़कों और घाटों का निरीक्षण करने निकले डीएम मयूर दीक्षित, दीपावली से पहले काम पूरा करने के निर्देश
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार-आगामी कुंभ मेले के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सड़कों को गड्ढामुक्त करने और घाटों के सौंदर्यीकरण के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित शनिवार देर रात खुद धरातल पर उतरे और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।डीएम ने चंडी घाट चौक से शंकराचार्य चौक,प्रेम नगर चौक,सिंह द्वार,गुरुकुल कांगड़ी हाईवे और हरकी पैड़ी क्षेत्र में चल रहे डामरीकरण,पेंटिंग और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया।इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सड़कों के डामरीकरण का काम निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए,ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो ।हरकी पैड़ी क्षेत्र में मंदिरों,घाटों और पुलों के सौंदर्यीकरण का निरीक्षण करते हुए डीएम ने कहा कि हरिद्वार की धार्मिक महत्ता को देखते हुए ये कार्य विशेष प्राथमिकता से किए जाएं और दीपावली से पहले हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।काम में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और रात में चल रहे कार्यों की प्रभावी निगरानी के भी निर्देश दिए।डीएम ने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय से काम पूरा करें।प्रगति की लगातार समीक्षा की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी,राष्ट्रीय राजमार्ग के डिप्टी मैनेजर प्रज्वल,जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित संस्थाओं के अधिकारी और कॉन्ट्रैक्टर मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ