पुल जोगियान व चौक फव्वारा से हटाया अतिक्रमण
अतिक्रमण के कारण उक्त स्थानों पर हर समय लगा रहता था जाम
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- नगर निगम ने आज पुल जोगियान के निकट आधी सड़क कब्जा कर चटाई व सरकण्डे आदि बेचने वालों का अतिक्रमण जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। कुछ सामान भी जब्त किया गया और आठ अतिक्रमणकारियों से साढे़ सात हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। इसके अलावा ढमोला पुल, चौक फव्वारा तथा लिंक रोड पर भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने के बाद पुलिस और प्रशासन के आला अफसरों को भी अवगत कराया गया है तथा उक्त स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए सम्बंधित थानों को पत्र लिखा गया है।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रास्ता जाम से परेशान लोगों द्वारा नगर निगम में लगातार अतिक्रमण की शिकायत की जा रही थी। इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण हटाओं दस्ते ने आज अनेक स्थानों पर जोरदार अभियान चलाया। अभियान चलाने से पहले पांच दिन तक लगातार स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील भी की गयी थी। आज दोपहर जब निगम का अतिक्रमण हटाओं दस्ता अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा के नेतृत्व में पुल जोगियान पहुंचा तो नदी की पटरी पर आधी सड़क घेर कर बैठे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। पुल जोगियान से ढमोला पुल की ओर सरकण्डे -चटाई और छाज आदि बनाने वाले लोगों ने आधी सड़क घेर कर अवैध कब्जा कर रखा था जिससे वहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी। अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने जेसीबी की मदद से समस्त अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया और दो काउण्टर, दो खोखे, चार मूढे़, एक रैक सहित कुछ अन्य सामान जब्त कर लिया। जबकि आठ लोगों पर साढे़ सात हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया। चौक फव्वारा पर सेहरे-पगड़ी व कपडे़ बेचने वालों ने ट्रांसफॉर्मरों को चारों तरफ से घेर कर भारी अतिक्रमण कर रखा था जिससे हर समय वहां जाम की स्थिति बनी रहती थी। ट्रांसफॉर्मरों में स्पार्किंग होने पर यहां किसी भी अनहोनी की आशंका बनी रहती थी। महापौर ने भी कुछ अरसा पहले बाजार का निरीक्षण करते हुए उक्त अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। ट्रांसफॉर्मरों के चारों ओर से इस सब अतिक्रमण को हटाया गया। इसके अलावा सतयुग आश्रम के निकट ढमोला पुल पर फल विक्रेताओं द्वारा किये गए अतिक्रमण तथा लिंक रोड से राकेश सिनेमा की ओर जाने वाले मार्ग पर भी रेहड़ी-ठेली, ई-रिक्शा वालों द्वारा किये गए अतिक्रमण को हटवाया गया। इस दौरान प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच बी गुरुंग व टीम के जवान भी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ