17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जाएंगे विभिन्न कार्यक्रम
जन-जन तक पंहुचाई जाएंगी जनकल्याणकारी योजनाएं एवं सरकार की उपलब्धियां - प्रभारी मंत्री
सेवा सेतु अभियान के तहत ऑन द स्पॉट विभिन्न योजनाओं में पात्रों को किया जाए लाभान्वित - सुनील कुमार शर्मा
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-मंत्री इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सुनील कुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं विधायक नकुड़ श्री मुकेश चौधरी, महापौर डॉ0 अजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अभिनन्दन, नगर आयुक्त श्री शिपू गिरी की उपस्थिति में सर्किट हाउस सभागार में जनपद में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों की निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पंहुचाने तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत 2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों एवं कार्ययोजना के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आहूत की गयी।
प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रत्येक पात्र को लाभ सुनिश्चित कराना है। इसमें सभी विभाग गंभीरता से कार्य करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होने निर्देशित किया कि सभी विभाग आज ही पूर्ण कार्ययोजना तैयार कर सभी जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत 2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोडा जाए। कार्यक्रम जनपद, तहसील, विकासखण्ड के साथ ही ग्राम स्तर पर भी आयोजित किए जाएं।श्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण, सरकार की प्रमुख उपलब्धियां तथा विकसित भारत 2047 के मूल भाव के साथ कार्यक्रम किए जाएं। 17 सितम्बर को शाम 07ः00 बजे जनपद की समस्त विधानसभाओं के चिन्हित 11 मुख्य स्थलों पर सेवा का दीया के तहत दीप प्रज्ज्वलन किया जाए। इसी के साथ योजनाओं के लाभार्थियों के घर सेवा का दीया जलाया जाए। समस्त सरकारी कार्यालयों, विकासखण्ड एवं अन्य कार्यालयों पर भी आशीर्वाद का दिया जलाया जाए। सेवा ज्योति कलश यात्रा के तहत विधानसभा क्षेत्रों से आने वाले 06 मुख्य मार्गों से घंटाघर तक पुलिस जवानों द्वारा बाईक रैली, अंबेडकर स्टेडियम से घंटाघर तक खिलाडियों द्वारा पैदल मार्च, कलेक्ट्रेट से घंटाघर तक एनसीसी, एनएसएस, पीआरडी जवानों द्वारा साइकिल रैली का आयोजन भव्यता के साथ किया जाए।मंत्री ने निर्देश दिए कि सेवा सेतु अभियान के तहत प्रत्येक विकासखंड स्तर पर साप्ताहिक बहुउद्देशीय सेवा शिविरों, स्टॉल्स एवं स्वास्थ्य मेला शिविरों का आयोजन किया जाए। इनमें केन्द्र एवं राज्य की समस्त योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ ही ऑन द स्पॉट फार्म भरना एवं सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के तहत छात्रों का व्यापक ओरिएंटेशन एवं मोटिवेशन कार्यक्रम आयोजित किए जाएं जिसमें अधिकतम छात्रों को जोडा जाए। सेवा के रंग राष्ट्र के संग कार्यक्रम में कलाकारों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों एवं विद्यार्थियों की व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित कराई जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित राजेश महाजन, जिलाध्यक्ष श्री अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष श्री शीतल विश्नोई, पीडीडीआरडीए श्री प्रणय कृष्ण सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ