ट्रांसफर स्टेशन बनने के बाद पुल खुमरान का डलावघर होगा समाप्त-नगरायुक्त
व्यापार बंधु की बैठक में नगरायुक्त ने समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- नगरायुक्त शिपू गिरि ने व्यापारियों को आश्वस्त किया है कि नगर निगम द्वारा ट्रांसफर स्टेशन बनाने के बाद पुल खुमरान पर कूड़ा डलावघर समाप्त किया जा सकेगा। वर्तमान में दिन में दो बार साफ सफाई कराने के अलावा चूना आदि का छिड़काव कराया जा रहा है तथा वहां सौंदर्यीकरण भी किया गया है।
नगरायुक्त ने आज शाम यहां निगम के मां शाकुंभरी सभागार में व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों द्वारा उठायी गयी समस्याओं के समाधान के सम्बंध में यह जानकारी दी। उन्होंने एक-एक कर व्यापारियों द्वारा उठायी गयी समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की। उन्होंने धोबीघाट के निकट दसवां घाट पर शौचालय व महिलाओं के नहाने के लिए स्नानागार बनवाने के लिए मुख्य अभियंता निर्माण को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्य अभियंता ने बताया कि काली मंदिर पर दसवां घाट तक पांवधोई नदी की रिटेनिंग वॉल एवं पटरी निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया चल रही है। जिससे इस समस्या का समाधान हो जायेगा। इसके अलावा नगरायुक्त ने पुल खुमरान के निकट गड्ढा ठीक कराने तथा चौक फव्वारा पर कूलर लगवाने के निर्देश दिए। नगरायुक्त ने नगर स्वास्थय अधिकारी को नाले-नालियों की सफाई के बाद शिल्ट तुरंत उठवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा बोमनजी रोड की लाइट ठीक कराने के लिए स्मार्ट सिटी को पत्र लिखने तथा पार्किंग स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन कराने के लिए सम्मति अधिकारी को निर्देश दिए। व्यापारियों ने अनेक स्थानों पर जल निकासी न होने, अतिक्रमण तथा गड्ढे भरवाने सम्बंधी समस्याओं से नगरायुक्त को अवगत कराया। जिस पर नगरायुक्त ने सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। व्यापारियों ने सडकों पर पुलिस विभाग द्वारा अवैध रुप से बनायी गयी पुलिस चौकियों का मुद्दा भी उठाया। बैठक में अपर नगरायुक्त मृत्युंजय, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, सहायक नगरायुक्त जे पी यादव, नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ.प्रवीण शाह, पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ.संदीप मिश्रा, सीटीओ संगीता गुप्ता आदि के अलावा मुकुंद मनोहर गोयल, हरपाल सिंह, मनोज ठाकुर, अजय शर्मा, सिराज फारुखी, नुसरत साबरी, अंकित जैन, अनुराग मलिक, नरेश गोयल, सन्नी मल्होत्रा आदि व्यापारी शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ