हिंदी दिवस: भाषा, साहित्य और संस्कृति के रंग में रंगा सेठ आनंदराम जयपुरिया विद्यालय
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-हिंदी दिवस के अवसर पर सेठ आनंदराम जयपुरिया विद्यालय में भाषा, साहित्य एवं भारतीय संस्कृति के प्रति विद्यार्थियों में प्रेम, सम्मान और गौरव की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से हिंदी भाषा की समृद्धता, सौंदर्य एवं विविधता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अरहम द्वारा प्रस्तुत विचार से हुआ। इसके पश्चात विराट माथुर ने समाचार वाचन किया तथा सताक्षी राणा ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। शिवान्या, अदित्री, मायरा एवं शिवान ने सुंदर कविताओं की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को साहित्यिक रंग प्रदान किया।कार्यक्रम को रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाने के लिए विभिन्न भाषायी गतिविधियों का आयोजन किया गया। निमित एवं सिमरन ने ‘मुहावरा गेम’ के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी के मुहावरों से परिचित कराया, जबकि केशव एवं परीक्षित ने ‘जिह्वा क्रीड़ा’ गतिविधि के माध्यम से भाषा के उच्चारण एवं अभिव्यक्ति को मनोरंजक बनाया।कक्षा 1 के विद्यार्थियों तनमय सिंह, काव्या एवं अपूर्वा ने समूह कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। अवनी ने दोहों तथा अद्विका ने श्लोक की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। भाग्य दीक्षित ने कविता-पाठ के माध्यम से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम का कुशल संचालन आद्या त्यागी ने किया।हिंदी दिवस के इस विशेष आयोजन को सफल एवं प्रभावशाली निर्देशन हिंदी विभाग की शिक्षिका मालती चावला ने किया। पूरे कार्यक्रम की संकल्पना, योजना एवं रूपरेखा तैयार करने से लेकर विद्यार्थियों के चयन, उनकी प्रस्तुतियों की तैयारी, अभ्यास, मंचीय क्रम तथा संपूर्ण कार्यक्रम के समन्वय और आयोजन की जिम्मेदारी मालती चावला ने निभाई।उनके कुशल निर्देशन एवं निरंतर मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और रचनात्मकता के साथ विभिन्न प्रस्तुतियाँ दीं। उन्होंने कार्यक्रम की प्रत्येक प्रस्तुति को हिंदी दिवस की मूल भावना से जोड़ते हुए इसे ज्ञानवर्धक, मनोरंजक एवं प्रभावशाली स्वरूप प्रदान किया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को हिंदी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति को समझने और अपनी प्रतिभा को मंच पर अभिव्यक्त करने का अवसर मिला।विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा त्यागी एवं उपप्रधानाचार्या शालिनी अरोड़ा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वाद एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा एवं संस्कृति के प्रति गौरव की भावना बनाए रखने तथा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के सभी सम्मानित अध्यापक अध्यापिकाओ ने हिन्दी दिवस मे पूर्ण उत्साह दिखाया।हिंदी दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, रचनात्मकता, साहित्य और मनोरंजन का सुंदर संगम रहा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और गौरव की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
0 टिप्पणियाँ