गली मोहल्ला कॉर्पाेरेट क्रिकेट लीग (जीएमसीएल) के तत्वावधान में सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट यूपी स्टेट सीजन-1 की हुई शुरुआत
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-गली मोहल्ला कॉर्पाेरेट क्रिकेट लीग (जीएमसीएल) के तत्वावधान में सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट यूपी स्टेट सीजन-1 (2026-27) की शुरुआत बुधवार को ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल क्रिकेट ग्राउंड में हुई। टूर्नामेंट का उद्घाटन डीआईजी अभिषेक सिंह ने फीता काटकर किया।
5 अप्रैल से 3 मई तक चलने वाले इस टी-20 लेदर बॉल टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं और 15 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का आयोजन गली मोहल्ला क्रिकेट लीग और जीएम बॉक्स क्रिकेट एसोसिएशन की देखरेख में किया जा रहा है, जिसे सहारनपुर पुलिस के नशा मुक्त भारत अभियान का समर्थन प्राप्त है। उद्घाटन मैच सहारनपुर पुलिस और रेवेन्यू लायंस के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सहारनपुर पुलिस ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 231 रन बनाए। विनीत ने 77 और स्वतंत्रता ने 62 रन की पारी खेली। रेवेन्यू लायंस की ओर से प्रदीप और दक्ष प्रताप ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए रेवेन्यू लायंस की टीम 66 रन पर ऑल आउट हो गई। सहारनपुर पुलिस ने यह मुकाबला 165 रन से जीत लिया। रेवेन्यू की ओर से विकास ने 21 और रॉबिन ने 11 रन बनाए। सहारनपुर पुलिस के विनीत ने 5 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट के आयोजन से जुड़े बाबा इंदर प्रीत सिंह, उत्तर प्रदेश कोऑर्डिनेटर राकेश रस्तोगी, शुभम, पीयूष राणा, नवीन, बलविंदर, गगन, रोहित, सौरभ, अंजार अली सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर यूपीसीए चैलेंजर कमेटी सदस्य साजिद उमर, सहारनपुर क्रिकेट एसोसिएशन से लतीफ उर रहमान, डॉ. आयशा रहमान, डॉ. उत्कर्ष, डॉ. प्रमोद आर्य, फैयाज अहमद, जीवन जोत, मंसूर, रमनदीप समेत कई लोग उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ