Ticker

6/recent/ticker-posts

बरसात के बाद युद्धस्तर पर निर्माण कार्य शुरु करें-नगरायुक्त

बरसात के बाद युद्धस्तर पर  निर्माण कार्य शुरु करें-नगरायुक्त

नगर निगम के निर्माण कार्यों की नगरायुक्त ने की समीक्षा

रिपोर्ट अमान उल्ला खान

सहारनपुर-नगर आयुक्त शिपू गिरी ने आज देर शाम निर्माण विभाग के समस्त कार्यों की व्यापक समीक्षा करते हुए वर्षा समाप्ति के बाद युद्धस्तर पर सड़कों की मरम्मत, पैच वर्क, नाला-नाली सफाई एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में निर्माण आदि कार्य शुरु करने के निर्देश दिए। उन्होंने  कहा कि सभी निर्माण स्थलों पर कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखे और सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ठेकेदारों को भी चेतावनी दी कि गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन पर अर्थदंड लगाने के साथ ही उन्हें ब्लैक लिस्ट किया जाएगा।

नगर आयुक्त ने कहा कि वर्षा ऋतु अब समाप्ति की ओर है। अतः सभी अभियंता बरसात के बाद किए जाने वाले कार्यों की अग्रिम तैयारी रखें। सड़कों की मरम्मत, पैच वर्क, नाला-नाली सफाई एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में निर्माण कार्य युद्धस्तर पर प्रारम्भ किए जाएं। सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर का गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी विकास नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि  आगामी वित्तीय वर्ष एवं सत्र में लिए जाने वाले कार्यों हेतु शेल्फ ऑफ वर्क्स प्राथमिकता पर तैयार किया जाए, ताकि प्रस्तावित परियोजनाओं का चयन कर समय से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त की जा सके और बरसात के तुरन्त बाद कार्य प्रारम्भ हो सकें।  नगरायुक्त ने निर्माण विभाग के समस्त अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय, संवाद एवं शिष्टाचार बनाते  हुए जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करें।  ध्यान रहे कि दुर्व्यवहार से संबंधित कोई भी शिकायत प्राप्त न हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो ठेकेदार कार्य की गुणवत्ता से समझौता करते पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। ऐसे ठेकेदारों को किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं दी जाएगी तथा नियमानुसार काली सूची में डालने एवं अर्थदण्ड की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।नगरायुक्त ने सभी अभियंताओं से अपील करते हुए कहा कि वे आधुनिक इंजीनियरिंग पद्धतियों, नई तकनीकों एवं परियोजना प्रबंधन के नवीनतम साधनों को अपनाएं और अपने तकनीकी कौशल को निरन्तर अद्यतन करते रहे। बैठक में मुख्य अभियंता, समस्त अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

बरसात के बाद युद्धस्तर पर  निर्माण कार्य शुरु करें-नगरायुक्त