स्टेडियम में धूमधाम से मनाया गया दीपोत्सव, नवनिर्मित लॉन टेनिस क्ले कोर्ट का हुआ लोकार्पण
खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बढ़ा सहारनपुर, नवनिर्मित टेनिस कोर्ट खिलाड़ियों को समर्पित
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी क्षेत्रीय खेल कार्यालय, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, सहारनपुर द्वारा 6 नवंबर 2026 को स्टेडियम में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर स्टेडियम को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा दीप प्रज्वलन के साथ पर्व की खुशियां साझा की गईं।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा एवं विशिष्ट अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राम भरोस तथा क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए खेल एवं खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर खिलाड़ियों के लिए एक और महत्वपूर्ण सौगात के रूप में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति, सहारनपुर के कोष से नवनिर्मित लॉन टेनिस क्ले कोर्ट का लोकार्पण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राम भरोस ने संयुक्त रूप से फीता काटकर तथा विधिवत लोकार्पण कर इस नई खेल सुविधा को स्टेडियम के खिलाड़ियों को समर्पित किया। इस सुविधा के शुरू होने से खिलाड़ियों को लॉन टेनिस के अभ्यास एवं बेहतर प्रशिक्षण के लिए आधुनिक खेल संसाधन उपलब्ध होंगे तथा उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी।क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा ने बताया कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें अभ्यास के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करना खेल विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के माध्यम से स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित लॉन टेनिस क्ले कोर्ट से स्थानीय खिलाड़ियों को विशेष लाभ मिलेगा और वे अपनी खेल प्रतिभा को और बेहतर बना सकेंगे।दीपोत्सव के इस आयोजन में खेल विभाग के अधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में अश्वनी त्यागी उपक्रीड़ाधिकारी शामली, प्रवीण कुमार सहायक प्रशिक्षक, लाल धर्मेन्द्र प्रताप एथलेटिक्स प्रशिक्षक, आदेश कुमार कुश्ती प्रशिक्षक, पुनीत कुमार आर्य जूडो प्रशिक्षक, प्रियंका ताइक्वांडो प्रशिक्षक, गौरव कुमार शूटिंग प्रशिक्षक, जयेन्द्र कुमार भारोत्तोलन प्रशिक्षक, बृजेश कुमार जीवन रक्षक, सन्नी जिम प्रशिक्षक, सुप्रिया रानी जिम प्रशिक्षक, रविकांत सीनियर खिलाड़ी, शिवनंदन, पुष्पाल सिंह, अश्वनी कुमार श्रीवास्तव, जयश्री गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन दीपावली की शुभकामनाओं और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।


0 टिप्पणियाँ