प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए जिला व मंडलीय ट्रायल का होगा आयोजन
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 25 नवंबर 2026 तक प्रयागराज में किया जाएगा। प्रतियोगिता हेतु सहारनपुर मंडल की टीम के गठन के लिए जिला एवं मंडलीय चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि स्टेडियम में सिंथेटिक रनिंग ट्रैक की मरम्मत का कार्य चलने के कारण चयन ट्रायल पुलिस लाइन सहारनपुर में आयोजित कराए जाएंगे। जिला स्तरीय चयन ट्रायल 17 नवंबर को प्रातः 11 बजे तथा मंडल स्तरीय चयन ट्रायल 18 नवंबर को प्रातः 11 बजे से होंगे। मंडलीय ट्रायल में चयनित बालिका खिलाड़ी प्रयागराज में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में सहारनपुर मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगी।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली खिलाड़ियों की जन्मतिथि 24 नवंबर 2006 से 23 नवंबर 2008 के मध्य होनी अनिवार्य है। ट्रायल में शामिल होने वाली खिलाड़ियों को नगर निगम द्वारा जारी जन्मतिथि प्रमाण-पत्र अथवा आधार कार्ड साथ लाना होगा।क्रीड़ा अधिकारी ने जनपद के समस्त स्कूल एवं कॉलेजों के प्राचार्य तथा प्रधानाचार्यों से अपील की कि वे अपने संस्थानों की इच्छुक बालिका खिलाड़ियों को खेल अध्यापक के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर पुलिस लाइन सहारनपुर भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ियों का प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।

0 टिप्पणियाँ