नगर निगम पर समझौता तोड़ने का आरोप, सफाई मजदूर संघ ने दी अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ ने नगर निगम प्रशासन पर समझौता तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। संघ के मंडल महामंत्री ब्रजमोहन चहलिया ने नगर आयुक्त सहारनपुर को ज्ञापन देकर 19 नवंबर 2026 से नगर निगम प्रांगण में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में कहा गया है कि माह मई 2026 में नगर निगम प्रशासन द्वारा सफाई कर्मचारियों के संगठन के साथ समझौता किया गया था। समझौते में तय हुआ था कि आउटसोर्सिंग के माध्यम से सफाई कर्मचारियों को काम दिया जाएगा। सेवा निवृत्त होने वाले कर्मचारियों के आश्रितों, विधवा महिलाओं और वर्षों से वार्डों में सफाई कर रहे कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाएगी। जिलाधिकारी के सामने हुई वार्ता में भी इन्हीं बातों पर सहमति बनी थी। संघ का आरोप है कि नगर निगम प्रशासन ने उस समझौते का पालन नहीं किया और उसे तोड़ दिया है। अब नई आउटसोर्सिंग कंपनी आर.आर. इंटरप्राइजेज के जरिए मनमानी की जा रही है। पुराने कर्मचारियों को हटाया जा रहा है और उनकी जगह पैसे लेकर नए लोगों को रखा जा रहा है। जिनके पति नहीं हैं, जो किराए पर रह रही हैं, ऐसी जरूरतमंद महिलाओं को भी काम नहीं दिया जा रहा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि समझौते के अनुसार सभी पुराने कर्मचारियों को तत्काल काम पर रखा जाए और वेतन शासनादेश के अनुसार दिया जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो 19 नवंबर से समस्त सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरना देंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और महापौर को भी भेजी गई है।

0 टिप्पणियाँ