मंडलायुक्त ने ‘सड़क सुरक्षा पखवाड़ा’ का किया शुभारंभ, प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
16 से 30 नवंबर तक जनपद में चलेगा सड़क सुरक्षा पखवाड़ा, जागरूकता एवं प्रवर्तन की गतिविधियां एक साथ होंगी संचालित
कोहरे के मौसम को देखते हुए दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर सहित प्रमुख मार्गों पर रिफ्लेक्टिव टेप एवं रोड मार्किंग सुधारने पर विशेष जोर
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने जनपद में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से ‘सड़क सुरक्षा पखवाड़ा’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने कार्यालय प्रांगण से सड़क सुरक्षा प्रचार-प्रसार के लिए तैयार किए गए दो प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मंडलायुक्त ने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़ा 16 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक मनाया जाएगा। इस दौरान पूरे जनपद में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रवर्तन की कार्रवाई भी समानांतर रूप से संचालित की जाएगी।पखवाड़े के अंतर्गत रवाना किए गए दोनों प्रचार वाहन जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर वाहन चालकों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करेंगे। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़कों पर यातायात अनुशासन कायम रखा जा सके।मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने परिवहन एवं यातायात विभाग को सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान प्रवर्तन गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी कोहरे के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर सहित अन्य महत्वपूर्ण राजमार्गों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाने की व्यवस्था बढ़ाने तथा सड़क चिन्हांकन (रोड मार्किंग) में सुधार करने पर भी विशेष बल दिया, ताकि कम दृश्यता की परिस्थितियों में सड़क दुर्घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।कार्यक्रम में उपाध्यक्ष, सहारनपुर विकास प्राधिकरणश्री सूरज पटेल, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन श्री मनोज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री शैलेंद्र कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तनश्री एम.पी. सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन श्री मानवेन्द्र सिंह, यातायात निरीक्षक श्री अमित तोमर तथा अन्य विभागीय कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ