गंगाजल यात्रा आस्था और सनातन परंपरा का प्रतीक-श्रीमहंत डॉ.रविंद्र पुरी
पशुपतिनाथ के जलाभिषेक को हरिद्वार से पांच हजार लीटर गंगाजल रवाना
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार-धर्मनगरी की पवित्र गंगा से बुधवार को पांच हजार लीटर गंगाजल नेपाल स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर के लिए रवाना किया गया।गंगोत्री धाम से लाए गंगाजल की श्रीनिरंजनी स्थित मनसा देवी चरण पादुका मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद संतों की मौजूदगी में गंगाजल यात्रा को नेपाल के लिए रवाना किया गया।
23 नवंबर को इसी गंगाजल से भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।गंगाजल यात्रा के शुभारंभ पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्रीमनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ.रविंद्रपुरी महाराज और गंगोत्री धाम के रावल शिवप्रकाश महाराज मौजूद रहे।चरण पादुका मंदिर में गंगाजल से भरे पात्रों की पूजा-अर्चना कर यात्रा की सफलता की कामना की गई।श्रीमहंत डॉ.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि हरिद्वार और नेपाल के धार्मिक एवं आध्यात्मिक संबंध सदियों पुराने हैं।गंगाजल यात्रा इसी आस्था और सनातन परंपरा का प्रतीक है।हरिद्वार से रवाना हुआ गंगाजल नेपाल पहुंचकर भगवान पशुपतिनाथ के चरणों में अर्पित होगा।उन्होंने कहा कि गंगा और भगवान पशुपतिनाथ सनातन संस्कृति में आस्था के प्रमुख केंद्र हैं।यह यात्रा दोनों देशों के बीच धार्मिक और आध्यात्मिक संबंधों को और मजबूत करने का माध्यम है। गंगोत्री धाम के रावल शिवप्रकाश ने यात्रा की सफलता के लिए पूजा-अर्चना की।उन्होंने मां गंगा और भगवान पशुपतिनाथ से देश और समाज में सुख,शांति एवं समृद्धि की कामना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक करना पुण्यकारी माना जाता है।इसी परंपरा के तहत हर वर्ष हरिद्वार की पवित्र गंगा से गंगाजल नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर भेजा जाता है।नेपाल पहुंचने के बाद 23नवंबर को विधि-विधान के साथ भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।इस दौरान श्रीमनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा,श्रीमहंत राज गिरि महाराज,एसएमजेएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ.सुनील कुमार बत्रा,एचआरडीए सदस्य डॉ.विशाल गर्ग,मनोज मंत्री,भोला शर्मा,प्रतीक सूरी आदि मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ