योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर संत समाज ने जताया शोक
मां का जाना जीवन की सबसे बड़ी अपूरणीय क्षति-श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के पंचतत्व में विलीन होने पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ.रविंद्र पुरी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
श्रीमहंत डॉ.रविंद्र पुरी ने कहा कि मां का स्थान संसार में सबसे ऊंचा होता है और मां का निधन किसी भी व्यक्ति के जीवन की ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।सावित्री देवी ने अपने जीवन में जिस सादगी, त्याग, तपस्या और संस्कारों का परिचय दिया,वह सदैव स्मरणीय रहेगा।उन्होंने कहा कि एक मां के संस्कार ही संतान के व्यक्तित्व और जीवन की दिशा निर्धारित करते हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के व्यक्तित्व में धर्म,राष्ट्रसेवा,अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण के जो गुण दिखाई देते हैं, उनमें उनकी माता के संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।उन्होंने कहा,“सावित्री देवी ने अपने पुत्र को ऐसे संस्कार दिए,जिन्होंने उन्हें संन्यास और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।आज उनका पंचतत्व में विलीन होना अत्यंत भावुक और पीड़ादायक क्षण है। संत समाज इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके पूरे परिवार के साथ खड़ा है।श्रीमहंत ने कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में मां को प्रथम गुरु का दर्जा दिया गया है।मां के संस्कार व्यक्ति के जीवन में सदैव मार्गदर्शन का कार्य करते हैं।सावित्री देवी ने अपने परिवार को धर्म और संस्कारों से जोड़े रखा तथा उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणादायी रहेगा।उन्होंने मां भगवती मनसा देवी और भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोक संतप्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित उनके पूरे परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करें।उन्होंने कहा कि संत समाज की संवेदनाएं हमेशा योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के साथ रहेंगी।
0 टिप्पणियाँ