विकसित भारत का पहला पड़ाव होगा उत्तराखंड-केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह
उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलना प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि-मुख्यमंत्री
केंद्रीय गृहमंत्री ने किया 1475 करोड़ रुपये की 62विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
देहरादून- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड,देहरादून में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव कार्यक्रम में शामिल होते होकर राज्य के विकास से जुड़ी 1475 करोड़ रुपये की 62विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने उत्तराखंड फिल्म नीति के अंतर्गत घोषित लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार के साथ ही विभिन्न हस्तियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान और मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार भी प्रदान किए। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि वे गुजरात से आते हैं,जहां यह मान्यता है कि चारधामों के दर्शन किए बिना व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति नहीं होती।आज उन्हें भगवान बदरीविशाल,बाबा केदारनाथ,गंगोत्री,यमुनोत्री,सिक्खों के पवित्र तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब और कुंभनगरी हरिद्वार की पावन धरती उत्तराखंड में आने का अवसर मिला है।उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अटल जी ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण कर राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार किया,जबकि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड को संवारने का कार्य कर रहे हैं ।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2047तक विकसित भारत की यात्रा का पहला पड़ाव उत्तराखंड ही होने जा रहा है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्योत्सव को गौरव,सिद्धि और संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है।गौरव इस बात का है कि अटल जी ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया।सिद्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकसित उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में हो रहे कार्यों की है ,जबकि संकल्प उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर और पर्यावरण के संरक्षण का है।उन्होंने कहा कि शौर्य उत्तराखंडवासियों की थाती रही है।नई पीढ़ी को वीरांगना तीलू रौतेली,वीर माधो सिंह भंडारी,विक्टोरिया क्रॉस विजेता दरबान सिंह नेगी और गबर सिंह नेगी,वीर चंद्र सिंह गढ़वाली तथा जनरल बिपिन रावत के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना होगा। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि पिछले दस वर्षों में उत्तराखंड की विकास यात्रा में तेजी आई है ।उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 की तुलना में आज राज्य की जीएसडीपी में 50प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 40प्रतिशत की वृद्धि हुई है।वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान राज्य में 3.56लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर हुए थे, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग हो चुकी है।औद्योगिक विकास की तमाम चुनौतियों के बावजूद उत्तराखंड ने कम समय में यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता को धरातल पर लागू किया है।इससे न कोई चार शादियां कर पाएगा और न ही तीन तलाक दे पाएगा।उन्होंने कहा कि अब देश के 15राज्य अपने यहां समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।उन्होंने उत्तराखंड में लागू सख्त नकल विरोधी कानून की सराहना करते हुए कहा कि इस कानून के लागू होने से दोषियों को सजा दिलाने में आसानी हुई है।इसके बाद प्रदेश में बिना किसी सिफारिश और अतिरिक्त खर्च के 35हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।इसी तरह उत्तराखंड ने धर्मांतरण विरोधी कानून लागू कर धर्मांतरण पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे,चारधाम ऑलवेदर रोड,ऋषिकेश- कर्णप्रयाग रेललाइन,टनकपुर-बागेश्वर रेललाइन,केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे तथा सौंग,जमरानी और किसाऊ बांध जैसी परियोजनाएं उत्तराखंड में विकास की नई गाथा लिख रही हैं।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शहीद सैनिकों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10लाख रुपये से बढ़ाकर 50लाख रुपये कर दी है।किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण किया जा रहा है,जबकि सीमांत क्षेत्रों के 51गांवों को वाइब्रेंट विलेज के रूप में विकसित किया जा रहा है।केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी.सी.खंडूड़ी और भगत सिंह कोश्यारी ने राज्य में विकास की नींव रखी।पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने अपने कार्यकाल में राज्य के विकास का रोडमैप तैयार किया,जिसे पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगे बढ़ाने का कार्य किया है।उन्होंने कहा कि अब किसी की इतनी हिम्मत नहीं है कि वह भारत की सीमा में घुसने का प्रयास करे।ऐसा करने वालों को सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से सबक सिखाया गया है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी।केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। अनुच्छेद 370के प्रावधानों को हटाने,नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता,सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई है। आतंकवाद,अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है।वहीं,सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त अधिकारियों,जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया।भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष,त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था।आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में विकास योजनाओं को गति मिल रही है तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रियाओं के प्रति दोहरा रवैया उचित नहीं है।मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में श्रीनगर और रुद्रपुर में आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के कार्यक्रमों में जनता की व्यापक भागीदारी देखने को मिली।उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विकास,सुशासन और स्थिरता के साथ खड़ी है तथा भ्रामक प्रचार और झूठे वादों से प्रभावित होने वाली नहीं है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक क्षेत्र में भी उत्तराखण्ड लगातार प्रगति कर रहा है।इस वर्ष प्रदेश की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) लगभग 3लाख 82हजार करोड़ रुपये,प्रति व्यक्ति आय लगभग 2लाख 74हजार रुपये तथा आर्थिक वृद्धि दर करीब 7.23 प्रतिशत रहने का अनुमान है।प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से 25प्रतिशत से भी अधिक है।परेड ग्राउण्ड देहरादून में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी,विजय बहुगुणा,तीरथ सिंह रावत एवं डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक,केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ,राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट,राज्यसभा सांसद नरेश बंसल,सांसद अनिल बलूनी,अजय भट्ट एवं श्रीमती बांसुरी स्वराज,कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज,गणेश जोशी,मदन कौशिक,खजान दास,सुबोध उनियाल,डॉ.धन सिंह रावत,राम सिंह कैड़ा,सौरभ बहुगुणा,श्रीमती रेखा आर्य,भरत सिंह चौधरी एवं प्रदीप बत्रा,देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल सहित विधायकगण,विभिन्न दायित्वधारी,जनप्रतिनिधिगण,वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रदेशवासी उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ