Ticker

6/recent/ticker-posts

जनता के बल पर भारत का विश्व में बज रहा है डंकाः-मोदी

जनता के बल पर भारत का विश्व में बज रहा है डंकाः-मोदी

इंडी गठबंधन को बताया भष्टचारियों को बना गठबंधन

रिपोर्ट-अमान उल्ला खान

सहारनपुर-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन को भ्रष्टाचारियों का गठबंधन बताते हुए कहा कि देश के 140 करोड़ लोगों की वोट की ताकत पर उन्होंने देश को विश्व पटल पर एक पहचान दिलाई है और आज भारत दुनिया की पांचवीं आर्थिक शक्ति के रूप में उभरकर सामने आया है और पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यहां दिल्ली रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन के मैदान पर पार्टी प्रत्याशी राघव लखनपाल शर्मा व प्रदीप चौधरी के समर्थन में चुनावी सभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अपने लगभग 40 मिनट के सम्बोधन में किसान, मजदूर, गरीब की बात को कहते हुए कहा कि आज वहां सिद्धपीठ मां शाकम्भरी देवी की धरा पर इस रैली को सम्बोधित कर रहे हैं और शक्ति आध्यात्मिक उपासना को इंडी गठबंधन खुली चुनौती दे रहा है। लेकिन वह मां की शक्ति के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं और इस शक्ति को नष्ट करने का इतिहास और पुराणों में दर्ज है कि जब-जब  अशक्तियां बढ़ी हैं उनका संहार किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 से पूर्व के शासनकाल का स्मरण कराते हुए कहा कि वह निराशा और संकट से भरा दौर था। जब भारत की पहचान एक कमजोर देश के रूप में हुआ करती थी लेकिन दस साल के कार्यकाल में परिस्थितियों में बदलाव आया है। निराशा को आशा में बदला है और जनता के आशीर्वाद से मोदी ने मेहनत से राष्ट्र को एक पहचान दिलाई है। जो देश आर्थिक रूप से 11वें पायदान पर हुआ करता था उसे पांचवें पायदान पर ला दिया है। जबकि कांग्रेस ने देश को विश्व पटल पर कमजोर करने का काम किया है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कमीशनखोरी को प्रोत्साहित किया। जबकि उनके शासनकाल में मिशन को आगे बढ़ाने का काम किया गया है और देश की 140 करोड़ जनता के बल पर आज भारत अमेरिका, यूरोप, अफ्रीका समेत पूरी दुनिया में अपना डंका बजा रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस है और वह बताना चाहते हैं कि पूरा देश भाजपा से जुड़ रहा है। उन्हें पूरा विश्वास है कि भाजपा ही राष्ट्र का विकास कर सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र को सर्वाेपरि मानती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की समस्याओं का निराकरण करने का प्रयासा किया। विशेषकर गरीबों को पक्का मकान, शौचालय, मुफ्त बिजली और पांच वर्ष के लिए मुफ्त राशन दिया जा रहा है। आज विश्व भारत की योजनाओं को अपना रहा है और आज भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया है उसके लिए जनसहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि विगत दस वर्षों में उत्तर प्रदेश का निजाम भी बदला है। अपराधियों पर शिकंजा कसा गया है और अब निवेश का माहौल भी बन रहा है। किसानों का विकास हुआ है क्योंकि किसानों की समस्याओं के प्रति केंद्र सरकार पूरी तरह संवेदनशील है और किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जनपद सहारनपुर में तीन लाख किसानों को 860 करोड़ रूपया उनके खातों में भेजने का काम किया गया है। उन्होंने दावा किया कि खाद का कट्टा जो दुनिया में 3 हजार रूपए में मिलता है उसे मोदी सरकार 300 रूपए में देने का काम कर रही है जिससे विकसित राष्ट्र बनाने की संरचना पूरी की जा सके। उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र बनाने के लिए भाजपा पूरी तरह संकल्पित है। जबकि विपक्ष सत्ता पाने को छटपटा रहा है। विपक्ष कहीं भी अपनी सरकार बनने का दावा नहीं करता। जबकि भाजपा सरकार बनाने का दावा कर रही है। इंडी में अनिश्चितता का माहौल है। जबकि एनडीए में 400 सीटें  जीतने की आशा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि भाजपा हर किसी की समस्या का समाधान करना चाहती है और उसके लिए जनसहयोग जरूरी है।

रामनवमी पर प्रभु टैंट में नहीं भव्य मंदिर में देगें दर्शनः-प्रधानमंत्री

सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस बार भगवान श्री राम रामनवमी पर टैंट में नहीं अपने भव्य मंदिर में श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे और इससे प्रत्येक व्यक्ति अपने आपको गौरवान्वित महसूस करेगा। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि प्रभु श्रीराम वर्षों बाद अपने भव्य मंदिर में पहुंच रहे हैं और इस बार रामनवमी पर वह प्रत्येक श्रद्धालु को अपने भव्य मंदिर में दर्शन देंगे जो इस युग की पीढ़ी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आतंकवाद, धारा-370 तथा भ्रष्टाचार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन संवेदनशील मुद्दों को छेड़ने के लिए विपक्ष डरा करता था, भाजपा ने उन्हें हल करने का काम किया है। धारा-370 को समाप्त कर जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाजी को बंद कराकर फेंके गए पत्थरों को एकत्रित कर जम्मू-कश्मीर को विकसित राज्य बनाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीयत, निष्ठा पर नीतियां बन रही हैं और हर भारतीय के लिए नीतियां बनाई जा रही हैं। सरकार की योजनाएं किसी वर्ग विशेष जाति, धर्म के लिए नहीं हैं क्योंकि वह तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करते। लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिले, यही मोदी का सच्चा न्याय है। उन्होंने कहा कि घंटों-घंटों विकास की सराहना की जा रही है। हालांकि अभी उनकी मंशा के अनुरूप विकास नहीं हुआ है। यह केवल ट्रेलर है, अभी बहुत कुछ बदला जाना है। तीसरी बार भारत को विश्व में तीसरी आर्थिक शक्ति के रूप में खड़ा करना है। खाद्य तेलों व दालों के लिए आत्मनिर्भर बनाना है और विकसित राष्ट्र के संकल्प को मोदी गारंटी के रूप में पूर्ण करना है।

सपा-काग्रेंस गठबंधन दो युवकों ने फलाप फिल्मः-मोदी

सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस-सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक बार फिर दो युवकों फ्लॉप फिल्म को जनता के बीच प्रस्तुत किया जा रहा है जिन्हें जनता पहले ही नकार चुकी है। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में कमीशनखोरी का प्राथमिकता दी जाती थी और भ्रष्टाचार उनका सर्वाेपरि कार्य था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में सदैव धर्म, जाति, वर्ग विशेष की राजनीति की है। जबकि भाजपा इसके विपरीत कार्य कर सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के फार्मूले पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इंडी गठबंधन के रूप में कमीशन का गठबंधन किया है। जबकि भाजपा मिशन गठबंधन पर कार्य कर रही है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी व सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को दो युवकों की फिल्म बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी अपने उम्मीदवार बदलने का काम कर रही है तो वहीं कांग्रेस को ढूंढने से भी उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। यह इन दलों की स्थिति है। ऐसे में जनता को इंडी गठबंधन पर विश्वास नहीं है और वह उन पर विश्वास करना भी नहीं चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्होंने पूरे राष्ट्र को भ्रष्टाचार व आतंकवाद मुक्त बना दिया है। अब देश में विकास का माहौल बन रहा है।

पीएम ने काष्ठ कला उद्योग को एक जनपद एक उत्पाद में पहचान का दिया आश्वासन

सहारनपुर। एक जनपद-एक उत्पाद को अब देश-विदेश तक पहुंचाने के लिए एकता काम्पलैक्स योजना के अंतर्गत हर राज्य व विदेशों तक पहुंचाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनपद के काष्ठ कला उद्योग पर बोलते हुए कहा कि हर राज्य में एक जनपद-एक उत्पाद की योजना को प्रोत्साहित किया जा रहा है और सहारनपुर के काष्ठकला उद्योग को, जो विश्वविख्यात है को और अधिक प्रोत्साहित किया जाना है। उन्होंने कहा कि एक जनपद-एक उत्पाद के अंतर्गत पूरे देश में एकता काम्पलैक्स योजना के तहत काम्पलैक्स बनाए जाने की योजना है जिनमें एक जनपद-एक उत्पाद की वस्तुओं को रखा जाएगा और उन्हें प्रोत्साहित करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना के विश्व स्तर पर एक जनपद-एक उत्पाद को पूरी तरह प्रसिद्ध किया जाएगा।

तीन तलाक कानून से लाखों मुस्लिम परिवारों को बचायाः-प्रधानमंत्री

सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुस्लिमों पर अपनी राय स्पष्ट करते हुए कहा कि तीन तलाक के बिल पर उन्होंने मुस्लिम परिवारों को बचाने का काम किया है जिससे वर्षों-वर्षों तक मुस्लिम महिलाएं मोदी को आशीर्वाद देंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी चुनावी जनसभा में कहा कि केंद्र सरकार ने तीन तलाक पर लाए गए कानून को ऐतिहासिक फैसला बताते हुए कहा था कि पूर्व में मुस्लिम महिलाएं अनिश्चितता के दौर में जीवन यापन करती थी तथा उनका परिवार हर समय डरा हुआ रहता था कि उनकी बेटी को उनका दामाद तीन तलाक कहकर उसका तिरस्कार न कर दे। इसे लेकर मुस्लिम परिवार पूरी तरह भय के साए में रहते थे लेकिन मोदी सरकार ने तीन तलाक का कानून बनाकर मुस्लिम महिलाओं को सुरक्षा देने का काम किया है। अब कोई भी मुस्लिम महिला का परिवार भय के माहौल में नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि अब कोई भी मुस्लिम महिला अपने आपको कमजोर व असहाय महसूस नहीं कर सकती। इसी के फलस्वरूप वर्षों-वर्षों तक मोदी को अपना आशीर्वाद देने का काम करेंगी।

विकसित राष्ट्र की परिकल्पना को पूरा करने को मतदान का किया आह्वान

सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश-प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित रखने और आने वाली युवा पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए वह अपने वोट का सही इस्तेमाल करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकसित राष्ट्र की परिकल्पना को पूरा करने के लिए मोदी सरकार कृतसंकल्पित है और उन्होंने इसके लिए भारत विकसित राष्ट्र संकल्प यात्रा भी निकाली है और अब हर किसी का दायित्व बनता है। इस राष्ट्र के उज्जवल भविष्य और विकसित राष्ट्र की परिकल्पना को पूरा करने के लिए हमें अपने वोट का सही प्रयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्याशी राघव लखनपाल शर्मा और प्रदीप चौधरी के हाथों को मजबूत करना है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

छः दिवसीय समर कैम्प का हुआ भव्य समापन, बच्चों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास का उत्सव