69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता कुराश : विजेता खिलाड़ियों को मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने मेडल पहनाकर किया सम्मानित
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-काष्ठनगरी जनपद सहारनपुर में 16 से 20 दिसंबर 2025 तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता कुराश उत्साहपूर्ण वातावरण में चल रही है। प्रतियोगिता के चौथे दिन भी सभी टीमें पूरे जोश और उत्साह के साथ मैदान में उतरीं और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर पदक जीत अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता कुराश में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी पूरे जोश के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत 19 दिसम्बर 2025 को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन (आई.ए.एस) ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम के शुभारम्भ में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन के द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन किया गया। तत्पश्चात डॉ. पूजा रानी द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। इसके उपरांत संयुक्त शिक्षा निदेशक सहारनपुर राणा सहस्रांशु कुमार सुमन के द्वारा मुख्य विकास अधिकारी महोदय का बाल वृक्ष, अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुति में जे.बी.एस. हिन्दू कन्या इंटर कॉलेज सहारनपुर की छात्राओं द्वारा उत्तर प्रदेश के पारंपरिक लोक गीत कजरी पर सामूहिक मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। के.सी.सी.पी.आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा गढ़वाली नृत्य प्रस्तुत किया गया जो अपने आप में उत्तराखंड की संस्कृति को संजोए हुए था। आर्य कन्या खालापार इंटर कॉलेज सहारनपुर की छात्राओं द्वारा बंगाली नृत्य की जोरदार प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात खेल शिक्षक प्रवीण कुमार ने मंच से विजयी खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की। मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने कहा कि कुराश खिलाड़ियों को निष्पक्षता के साथ ईमानदारी से लक्ष्य तक पहुंचने की शिक्षा देता है। खेल से खिलाड़ियों में मिलजुलकर कार्य करने की भावना विकसित होती है। राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी एक दूसरे की संस्कृति से सीखते हैं, जिससे राष्ट्रीय एकता मजबूत होती है। इस अवसर पर संयुक्त शिक्षा निदेशक सहारनपुर राणा एस. के. सुमन, जिला विद्यालय निरीक्षक सहारनपुर डॉ. अरविंद पाठक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय हर्ष देव स्वामी सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ . करुणा कालरा द्वारा किया गया। जय हिंद जय भारत के उद्घोष के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

0 टिप्पणियाँ