अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के लिए विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित
फ़ैमिली ऑफ़ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट की महिला विंग द्वारा आयोजित शिविर में 55 यूनिट रक्त हुआ एकत्र
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर फ़ैमिली ऑफ़ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट की महिला विंग द्वारा दिल्ली रोड स्थित ब्लड सेंटर में केवल महिलाओं के लिए एक विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का उद्देश्य महिलाओं को रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के प्रति प्रेरित करना और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साह के साथ पंजीकरण कराया, जिनमें से 55 महिलाओं ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया, जबकि 15 से अधिक महिलाएँ स्वास्थ्य संबंधी नियमों के कारण रक्तदान नहीं कर सकीं। शिविर का संयोजन फ़ैमिली ऑफ़ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट की महिला विंग द्वारा किया गया।अनीता शर्मा (वरिष्ठ सलाहकार, मुख्य निकाय) एवं नीरू सिंह (वरिष्ठ संरक्षक, मुख्य निकाय) ने कहा कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन बनाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब महिलाएँ आगे बढ़कर रक्तदान करती हैं तो वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा बनती हैं।पूनम कम्बोज (उपाध्यक्ष, संगठन विंग) ने कहा कि फ़ैमिली ऑफ़ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को रक्तदान से जोड़ना है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष शिविर आयोजित करना इसी दिशा में एक सार्थक पहल है। सोनिया कपूर (अध्यक्ष, महिला विंग) और नंदिनी बठला (उपाध्यक्ष, महिला विंग) ने कहा कि आज की महिलाओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि वे समाज सेवा के हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सकती हैं। रक्तदान शिविर में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी सामाजिक जिम्मेदारियों को समझ रही है। मंजू अरोड़ा (महासचिव, महिला विंग) एवं प्रीति भाटिया (संयुक्त सचिव, महिला विंग) ने कहा कि रक्तदान केवल एक चिकित्सा प्रक्रिया नहीं बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोच्च उदाहरण है। ऐसे आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो पाता है। रता गुप्ता (उपाध्यक्ष, शिक्षा एवं क्रिएटिव विंग) ने कहा कि रक्तदान का कोई विकल्प नहीं है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर साबित हो सकता है, इसलिए हर सक्षम व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। शिविर का आयोजन पूर्णतः स्वैच्छिक एवं व्यवस्थित वातावरण में किया गया, जहाँ चिकित्सा मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं।

0 टिप्पणियाँ