अंबेहटा कस्बे के लोगों को बिजली आपूर्ति के मामले में बड़ी राहत,18 घंटे से बढ़ाकर 21 घंटे 30 मिनट होगी बिजली आपूर्ति
रिपोर्ट नदीम निजामी
नकुड़-अंबेहटा कस्बे के लोगों को बिजली आपूर्ति के मामले में बड़ी राहत मिली है। विद्युत विभाग ने कस्बे को मिलने वाली बिजली आपूर्ति के समय में बढ़ोतरी करते हुए इसे 18 घंटे से बढ़ाकर 21 घंटे 30 मिनट कर दिया है। इससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
दरअसल अंबेहटा कस्बे में पर्याप्त बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर भाजपा नेता तुषार चौहान और शुभम सिरोही ने गंगोह विधायक चौधरी किरत सिंह से मुलाकात कर नगर पंचायत अंबेहटा को नियमानुसार 21.30 घंटे बिजली आपूर्ति दिलाने की मांग रखी थी। जिस पर विधायक चौधरी किरत सिंह ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधायक के हस्तक्षेप के बाद विद्युत विभाग ने कस्बे की बिजली आपूर्ति बढ़ाने का निर्णय लिया और अब अंबेहटा को प्रतिदिन 21 घंटे 30 मिनट बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। अवर अभियंता (जेई) अश्विनी चौबे ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बढ़ाई गई बिजली आपूर्ति व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है और यह व्यवस्था फिलहाल 31 मार्च तक जारी रहेगी। इससे कस्बे के लोगों को बिजली संकट से राहत मिलने की उम्मीद है।
0 टिप्पणियाँ