ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण व व्यवस्थाओं का गहनता से परीक्षण किया
रिपोर्ट श्रवण झा
हल्द्वानी-भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में शनिवार को हल्द्वानी स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का प्रथम त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण संपन्न कराया गया।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी,नैनीताल विवेक राय द्वारा वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था,सीसीटीवी निगरानी,अभिलेखों का रख-रखाव,प्रवेश एवं निकास रजिस्टर तथा ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण से संबंधित व्यवस्थाओं का गहनता से परीक्षण किया गया।
इस दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा वेयरहाउस परिसर की समस्त व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की गई तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई।निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार,तहसीलदार कुलदीप पाण्डे,सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी.पाण्डे के अतिरिक्त भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी निरीक्षण प्रक्रिया में आमंत्रित किया गया था, जिसमें जगदीश टम्टा(बसपा),संजू उप्रेती (आईएनसी),हरीश सिंह अधिकारी (बसपा),मनीष पाल (भाजपा) एवं मनोज शर्मा (आईएनसी) भी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान सभी उपस्थित प्रतिनिधियों को वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था एवं मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता एवं सुरक्षा के उच्च मानकों को सुनिश्चित करने हेतु इस प्रकार के त्रैमासिक निरीक्षण नियमित रूप से संपन्न कराए जाते हैं।
0 टिप्पणियाँ