इंद्रप्रस्थ कॉलेज में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम, शिक्षकों को वितरित किए गए कैशलेस चिकित्सा कार्ड
आगरा में आयोजित मुख्यमंत्री के संबोधन का देखा गया सजीव प्रसारण
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-इंद्रप्रस्थ इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, कोटा में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विश्वविद्यालय प्रशासन तथा शिक्षकों की उपस्थिति रही।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री माननीय श्री बृजेश सिंह, जिलाधिकारी श्री अरविंद चौहान, माँ शाकंभरी विश्वविद्यालय रजिस्ट्रार श्री कमल कृष्ण, संस्था की प्राचार्य डॉ. अंजू वालिया, जिला नोडल अधिकारी डॉ. यामिनी पांडे , प्रोफेसर ओंकार सिंह तथा डॉ. ऋषिपाल सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए तथा योजना के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि श्री बृजेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा शिक्षकों के स्वास्थ्य एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह ऐतिहासिक योजना प्रारंभ की गई है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में इस योजना के अंतर्गत लगभग 1.23 लाख शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए हैं, जिससे शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। गुरु पूर्णिमा से पूर्व शिक्षकों को यह सौगात राज्य सरकार की शिक्षक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने सभी शिक्षकों के उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के आधार स्तंभ हैं तथा समाज में उनका स्थान सर्वोच्च है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक दूरदर्शी और सराहनीय पहल है, जिससे शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ सहजता से उपलब्ध हो सकेंगी। माँ शाकंभरी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. कमल कृष्ण ने कहा कि स्वस्थ शिक्षक ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का आधार होते हैं। यह योजना शिक्षकों को न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें पूर्ण समर्पण के साथ अपने शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन करने के लिए भी प्रेरित करेगी। संस्था के चेयरमैन डॉ. एस.सी. कुलश्रेष्ठ जी ने संदेश दिया कि "शिक्षक किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी बौद्धिक पूंजी होते हैं। उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा तो शिक्षा व्यवस्था और अधिक सशक्त बनेगी। माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा शिक्षकों के कल्याण के लिए प्रारंभ की गई यह योजना अत्यंत दूरदर्शी एवं प्रेरणादायी है। इंद्रप्रस्थ संस्थान सदैव शिक्षक हित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा समाज सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।संस्था की प्राचार्य डॉ. अंजू वालिया ने सभी विशिष्ट अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विश्वविद्यालय परिवार एवं उपस्थित शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना शिक्षकों के जीवन में स्वास्थ्य सुरक्षा का नया विश्वास स्थापित करेगी तथा शिक्षक समुदाय के प्रति सरकार की संवेदनशील सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों एवं शिक्षकों ने माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के लाइव संबोधन को सुना। इस अवसर पर क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. इन्द्रदेव, जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के लगभग 200 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिले के अनेक महाविद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों एवं उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


0 टिप्पणियाँ