Ticker

6/recent/ticker-posts

सीडीओ ने जिले में विकास कार्यों व बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक

सीडीओ ने जिले में विकास कार्यों व बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक

विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

रिपोर्ट श्रवण झा

भीमताल-शनिवार को विकास भवन भीमताल सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने वित्तीय वर्ष 2025-26में विभिन्न विभागों को जिला,राज्य,केन्द्र व बाह्य सहायतित योजनाओं में प्राप्त धनराशि से किए गए कार्यों के साथ ही बीस सूत्रीय कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की।

जिले में विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति के करीब है, ऐसे में सभी विभाग यह सुनिश्चित कर लें कि सभी मदों में प्राप्त धनराशि 15मार्च तक शत-प्रतिशत खर्च हो जाए।उन्होंने कहा कि सभी कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्य पूर्ण होने के बाद समय पर भुगतान के साथ उपभोग प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जाए।सीडीओ ने कहा कि नैनीताल जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहे,इसके लिए सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत धनराशि व्यय करने के साथ बीस सूत्रीय कार्यक्रम के सभी मदों में ‘ए’श्रेणी प्राप्त की जाए।जिन विभागों में अभी भी धनराशि अवशेष है,वे हर हाल में 15मार्च से पूर्व धनराशि व्यय करना सुनिश्चित करें।बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जिस प्रकार विभागों ने अब तक बेहतर कार्य करते हुए अच्छी प्रगति हासिल की है, उसी तरह इस माह भी जनपद सभी मदों में‘ए’श्रेणी प्राप्त करे।बैठक में उन्होंने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15मार्च से मोटर मार्गों पर हॉटमिक्स और डामरीकरण कार्य हर हाल में प्रारंभ कर दिया जाए।बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए और वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले लाभार्थियों के खातों में ऑनलाइन धनराशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा करने तथा बाल विकास विभाग को महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े लक्ष्यों की शीघ्र पूर्ति करने के निर्देश दिए।सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि जिन विभागों के पास लंबे समय से धनराशि पड़ी है और मार्च में भी खर्च नहीं हो पाती है,तो ऐसे विभागीय अधिकारियों से ब्याज सहित धनराशि वसूल की जाएगी।उन्होंने कहा कि सरकारी धन का पूर्ण सदुपयोग होना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।जिन विभागों के निर्माण कार्य चल रहे हैं,उनके अधिकारी समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण भी करें।यदि कार्य अधूरे पाए जाते हैं तो कार्यदायी संस्था के साथ संबंधित विभागीय अधिकारी की भी जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। बैठक में सीएमओ डॉ.हरीश पंत,जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ.मुकेश सिंह नेगी,एपीडी चंदा फर्त्याल सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

तकनीक और अध्यात्म के समन्वय से बनेगा बेहतर भविष्य - डॉ. चिन्मय पंड्या