मण्डलायुक्त डा. रूपेश कुमार ने दिव्यांगजनों को वितरित किए श्रवण यंत्र
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-राज्य मुख्यालय तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार के निर्देशानुसार जनपद में विश्व श्रवण दिवस 2026 मनाया गया। इस वर्ष की थीम “समुदाय से कक्षा तक : सभी बच्चों के लिए श्रवण देखभाल अभी कार्य करें, ताकि कान या सुनने की समस्या के कारण कोई भी बच्चा पीछे न रह जाए” निर्धारित की गई। इस अवसर पर टीबी सेनिटोरियम हॉल, सहारनपुर में निःशुल्क श्रवण जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने फीता काटकर किया।
इस दौरान दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की सूची के आधार पर 10 स्कूली बच्चों सहित 40 दिव्यांग लाभार्थियों को श्रवण यंत्र वितरित किए गए। मंडलायुक्त ने बच्चों को कानों की सुरक्षा के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि कान में पानी जाने से बचें, गंदे पानी में नहाने से परहेज करें तथा कान में किसी भी प्रकार की वस्तु न डालें। शिविर में ईएनटी सर्जन डॉ. अमित गुप्ता, श्रवण परीक्षण विशेषज्ञ आशीष भारद्वाज तथा सहायक विशाल कुमार ने मरीजों के कान से संबंधित रोगों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि आजकल ध्वनि प्रदूषण और कान में लगाए जाने वाले संगीत उपकरणों का अत्यधिक उपयोग सुनने की क्षमता को प्रभावित कर रहा है। यदि किसी व्यक्ति या बच्चे के कान से मवाद आता है तो कान में पानी या किसी प्रकार का तरल पदार्थ न डालें और तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें।उन्होंने बताया कि कान से संबंधित किसी भी समस्या के लिए जिला चिकित्सालय के कमरा नंबर-7 में जांच कराई जा सकती है। जिला नोडल अधिकारी (एनसीडी) शिवांका गौड़ ने कहा कि सुनने की क्षमता को सुरक्षित रखने के लिए तेज आवाज से बचना, नियमित कान की सफाई, समय-समय पर श्रवण जांच और संतुलित आहार लेना आवश्यक है। कान में दर्द या सुनने में कमी के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। इस अवसर पर डॉ. रवि प्रकाश (प्रमुख अधीक्षक एसबीडी), डॉ. इंदा सिंह (एसआईसी जिला महिला चिकित्सालय), डॉ. टंडन, डॉ. कुनाल जैन, डॉ. सर्वेश (जिला क्षय रोग अधिकारी), जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अजय कुमार, लोहित भारती, मुद्दसीर, बुशरा अंसारी, कविता, अंशिका, सूर्य प्रताप, दीपांश सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ