मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए बनाया जा रहा भव्य वाटरप्रूफ पंडाल
हेलीपैड बनने का कार्य जारी, सफाई कार्य समेत व्यवस्थाओं में जुटा अमला
डीआईजी, डीएम व एसएसपी ने किया निरीक्षण, दिशा निर्देश दिए।
रिपोर्ट समीर चौधरी
देवबंद - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सात मई को देवबंद दौरे को लेकर तैयारियां चरम पर है। मंगलवार को भी पूरा अमला व्यवस्थाएं बनाने में जुटा रहा। जिले के आला अधिकारियों ने भी राज्यमंत्री बृजेश सिंह के साथ सभा स्थल का निरीक्षण किया।
सात मई को मुख्यमंत्री के देवबंद आगमन को लेकर दिन रात तैयारी चल रही है। सहारनपुर मुजफ्फरनगर स्टेट हाइवे स्थित सिल्वर पैराडाइज के निकट मैदान में वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसका आधे से ज्यादा कार्य हो चुका है। मुख्यमंत्री अपने देवबंद दौरे के दौरान प्राचीन शक्तिपीठ श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर में दर्शन के लिए जा सकते है, इसके लिए मंदिर मार्ग में सफाई कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मंडी समिति प्रांगण को वाहनों की पार्किंग के लिए चयनित किया गया है। इसके अलावा स्टेट हाइवे पर खाली पड़े प्लाटों को पार्किंग के लिए तैयार किया जा रहा है। सिल्वर पैराडाइज में हेलीपैड तैयार करने का कार्य शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सहारनपुर ही नहीं बल्कि आसपास के जनपदों के बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर व्यवस्थाएं बनाई जा रही है। सीएम के दौरे को लेकर अधिकारी देवबंद में डेरा डाले है और खुफिया विभाग चौकन्ना है। मंगलवार को डीआईजी अभिषेक सिंह, डीएम अरविंद कुमार चौहान, एसएसपी अभिनंदन, एसपी देहात मयंक पाठक, एसडीएम युवराज सिंह समेत अन्य विभागों के अधिकारी सभा स्थल पर डटे रहे और तैयारियों का जायजा लेते हुए अधीनस्थों को निर्देश दिए। राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने बताया कि बुधवार को सभी तैयारियों पूर्ण कर ली जाएगी। मुख्यमंत्री जनसभा करने के साथ ही जिले की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।
0 टिप्पणियाँ