रुड़की में 2 करोड़ की हेरोइन बरामद,980 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी दबोचा
सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस...
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार-पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब दो करोड़ रुपये कीमत की 980ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने लाठरदेवा अंडरपास के पास कार्रवाई करते हुए पंजाब निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अब इस पूरे नशा तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इसमें शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने में जुटी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 6जुलाई को कोतवाली गंगनहर पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।इसी दौरान लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे युवक ने पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश की,लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड में पन्नी में छिपाकर रखी गई 980ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग दो करोड़ रुपये आंकी गई है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (38वर्ष),पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली,थाना खालड़ा,जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई है।आरोपी के खिलाफ कोतवाली गंगनहर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाब से हेरोइन खरीदकर रुड़की में बेचने के उद्देश्य से लाया था।पुलिस अब उससे मिली जानकारी के आधार पर हेरोइन की सप्लाई चेन,खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य तस्करों और पूरे नेटवर्क की तलाश कर रही है।साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव,वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार,उपनिरीक्षक पंकज कुमार,हेड कांस्टेबल यूनुस बेग,तेजपाल सिंह,रघुवीर सिंह,अशोक तिवारी,कांस्टेबल देवेश सिंह, नितिन कुमार,प्रभाकर,रवि कुमार एवं संतोष कुमार शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ