आस्था पथ पर महिला की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
मौके से फरार हुए दूसरे आरोपी की पुलिस कर रही तलाश
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार-शहर कोतवाली क्षेत्र के आस्था पथ मार्ग पर 10 दिन पहले हुई महिला की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।देह व्यापार के पैसे मांगने और पुलिस में शिकायत की धमकी देने पर बिजनौर के दो युवकों ने महिला की गला घोंटकर हत्या की थी।पुलिस ने आधी रात को हुई एक मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपित को पैर में गोली लगने पर गिरफ्तार कर लिया है,जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस के अनुसार,28जून को नगर कोतवाली क्षेत्र के आस्था पथ मार्ग स्थित झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।मुखबिर और सीसीटीवी फुटेज से मिले अहम सुरागों के आधार पर 8 जुलाई की रात एसआई खेमेन्द्र गंगवार व एसआई नवीन चौहान पुलिस टीम के साथ दुधियाबंद तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान रायवाला की तरफ से एक बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार व चेहरे पर गमछा लपेटे दो संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस ने रूकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया।बचाव में की गयी पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश जिशान पुत्र राशिद निवासी मौहल्ला जिगर कालोनी नहटोर थाना नहटोर जिला बिजनौर उ.प्र. पैर में गोली लगने से घायल हो गया।जबकि उसका साथ शाहनवाज अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया है।जिशान के कब्जे से 315बोर का एक तमंचा व 2खोखा कारतूस बरामद हुए।पूछताछ में जिशान ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया 28जून को वह अपने साथी शाहनवाज के साथ हरकी पैड़ी से महिला को बहला-फुसलाकर चंडी चौक के पास गंगा घाट की झाड़ियों में ले गया था।वहां शारीरिक संबंध बनाने के बाद जब महिला ने तय रकम मांगी और न देने पर पुलिस में शिकायत की धमकी दी,तो दोनों ने मिलकर महिला की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने महिला के चेहरे पर मुक्के भी मारे,उसका मोबाइल छीन लिया और सिम निकालकर गंगा में फेंक दिया।मुठभेड़ में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।उसके पास से अवैध हथियार और महिला का मोबाइल बरामद हुआ है।फरार आरोपित शाहनवाज की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं,उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक महिला की पहचान के प्रयास और फरार हुए आरोपी की तलाश की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ