Ticker

6/recent/ticker-posts

हरिद्वार में भारी बारिश से हाहाकार, शहर के आधा दर्जन से ज्यादा इलाके जलमग्न

 हरिद्वार में भारी बारिश से हाहाकार, शहर के आधा दर्जन से ज्यादा इलाके जलमग्न

नालों में उफान, यातायात ठप, ग्रामीण इलाकों में भी जलभराव

रिपोर्ट श्रवण कुमार झा

हरिद्वार-बीती रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने जनपद के जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।लगातार बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया है,वहीं पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाले नालों में भी उफान है।प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
बारिश के कारण भगत सिंह चौक,रानीपुर मोड़,आवास विकास कॉलोनी, भीमगोडा ,नई बस्ती,दुर्गा नगर कॉलोनी,भूपतवाला और खड़खड़ी क्षेत्रों में सड़कों पर 1 से 2 फीट तक पानी भर गया है।कई घरों में भी पानी घुस गया है।जलभराव के कारण इन इलाकों में सुबह से ही यातायात बाधित है और दफ्तर जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बरसाती नालों ललतारौ नाला,भूरे की खोल,नाई सोता,ब्रह्मपुर आदि में पानी का बहाव बहुत तेज है।प्रशासन ने नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खुद फील्ड में उतर गए हैं।दोनों अधिकारी सुबह से ही प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन,जल निगम और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जलभराव वाले स्थानों से पंप लगाकर तुरंत पानी निकाला जाए।बंद सड़कों को खोलने और राहत सामग्री पहुंचाने के लिए टीमें तैनात की जाएं।जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को 24घंटे सक्रिय रखने और हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश से काफी नुकसान हुआ है।कई गांवों में कच्चे रास्ते बंद हो गए हैं और खेतों में पानी भर गया है।तहसील स्तर पर बने आपदा नियंत्रण कक्षों को अलर्ट पर रखा गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि वह स्वयं नियंत्रण कक्ष से पल-पल की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और नदी-नालों के किनारे न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर पर सूचना दें। मौसम विभाग ने अगले 24घंटों तक और बारिश की संभावना जताई है,जिसके चलते प्रशासन ने सभी विभागों को पूरी तैयारी में रहने को कहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

 हरिद्वार जनपद में भारी वर्षा के कारण, कई क्षेत्रों में जलभराव की सूचना हुई प्राप्त