बाल दिवस पर गुदगुदी और ठहाकों की पाठशाला
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- बाल दिवस के अवसर पर जनक नगर स्थित दो स्कूलों में बच्चों के लिए गुदगुदी और ठहाकों से भरपूर एक अनूठी पाठशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जहां देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों ने बच्चों में राष्ट्रप्रेम का उत्साह जगाया, वहीं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और शानदार नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम में सारंग सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन के महासचिव रवि बख्शी ने अपनी चिर-परिचित हास्य शैली में हास्य-व्यंग्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर बच्चों और शिक्षकों को खूब गुदगुदाया। नगर के प्रसिद्ध साहित्यकार रमेश चंद्र छबीला ने भी अपनी हास्य रचनाओं से बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया।अरुण कुमार सूरी ने अपनी हास्य कविता 'मिठाई की दुकान' के माध्यम से खूब तालियां बटोरीं, जबकि समाजसेवी विजय त्यागी ने अपनी मजेदार बातों से बच्चों को हंसी के गोलगप्पे खिलाए।वहीं नगर के वरिष्ठ रंगकर्मी रामकिशन भारती, रिहान शाह एवं कु. रणजीत कौर ने 'डॉ. झटका' हास्य झलकी प्रस्तुत कर दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों पर जमकर तालियां बजाईं।इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सौरभ कुमार सिंघल ने सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा।बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ खुशियों और उमंग से भरा यादगार अवसर बन गया।


0 टिप्पणियाँ