मस्जिद ध्वस्तीकरण पर चंद्रशेखर ने दी कोर्ट में लड़ाई लड़ने की चेतावनी, ओवैसी बोले- भाजपा को रोक सकता है हमारा मोर्चा
सहारनपुर में दोनों नेताओं ने की मीडिया से वार्ता, ओवैसी ने एनकाउंटर के आंकड़ों का हवाला देकर सरकार पर साधा निशाना
रिपोर्ट अमान उल्ला खान/एसडी गौतम
सहारनपुर-नगीना सांसद एवं आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी शनिवार को सहारनपुर पहुंचे। यहां दोनों नेताओं ने मस्जिद ध्वस्तीकरण प्रकरण को लेकर प्रशासन से वार्ता करने के बाद मीडिया से बातचीत की। चंद्रशेखर आजाद ने स्पष्ट कहा कि अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो इस मामले की लड़ाई अदालत में भी लड़ी जाएगी। वहीं असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को रोकने और इंसाफ कायम करने के लिए उनका मोर्चा एक राजनीतिक विकल्प है।चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मस्जिद ध्वस्तीकरण के मामले में प्रशासन के साथ काफी लंबी बहस और वार्ता हुई, जिसके बाद अधिकारियों ने उनकी बात स्वीकार करते हुए ज्ञापन लिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा इस तरह की घटना होती है तो वे अदालत में भी कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि केवल अपने ही नहीं, बल्कि अन्य लोगों के अधिकारों और न्याय की लड़ाई में भी सहयोग करेंगे। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि अन्याय करने वाले से ज्यादा दोषी अन्याय सहने वाला होता है। इसलिए वे अपने लोगों पर होने वाले अन्याय को रोकने के साथ संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे।मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद सहारनपुर पहुंचने में देरी के सवाल पर चंद्रशेखर ने कहा कि जिस दिन मस्जिद ध्वस्त की गई थी, उसी दिन वे मौके पर मौजूद थे। इसके विरोध में प्रदेशभर में जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन देकर आवाज उठाई गई थी। उनके मुताबिक इसी विरोध और दबाव के चलते कार्रवाई रोकनी पड़ी। वहीं एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून के राज के बजाय श्रूल ऑफ गनश् चल रहा है। उन्होंने एनकाउंटर, बुलडोजर कार्रवाई और मस्जिद-मदरसों को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में डर और खौफ का माहौल है। महंगाई, किसानों की समस्याओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों के बीच एक मजबूत राजनीतिक विकल्प की जरूरत है।ओवैसी ने कहा कि जो लोग उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार नहीं चाहते, उन्हें यह संदेश देना चाहते हैं कि उनका मोर्चा भाजपा को रोकने और प्रदेश में इंसाफ कायम करने में सक्षम राजनीतिक विकल्प है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के हैदराबादी बिरयानी वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ओवैसी ने कहा कि एनकाउंटर का मुद्दा खाने का नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगियां बचाने का है। उन्होंने दावा किया कि एनकाउंटर में 35 से 36 प्रतिशत और हाफ एनकाउंटर के मामलों में 90 प्रतिशत एक समाज के लोग शामिल हैं। ओवैसी ने इन आंकड़ों के जरिए प्रदेश में कथित भेदभाव का मुद्दा उठाया।



0 टिप्पणियाँ