कसौंदी की फली बनी बच्चों के लिए काल, बाल रोग विशेषज्ञों ने दी चेतावनी
स्कूलों और खेल मैदानों के आसपास जहरीले पौधों को हटाने की अपील
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-बिजनौर में गुलाह नदी किनारे खेल रही बच्चियों द्वारा कसौंदी की जहरीली फली खाने से दो बच्चियों की मौत की घटना ने चिंता बढ़ा दी है। इस घटना के बाद सहारनपुर के बाल रोग विशेषज्ञों ने अभिभावकों को सावधान रहने की सलाह दी है। चिकित्सकों ने बच्चों को अनजान पौधों और उनकी फलियों से दूर रखने के साथ ही स्कूलों तथा खेल मैदानों के आसपास ऐसे जहरीले पौधों की पहचान कर उन्हें हटाने की अपील की है।
आईएपी अध्यक्ष डॉ. रविकान्त निरंकारी ने कहा कि कसौंदी का वैज्ञानिक नाम Senna occidentalis है। यह लगभग एक से डेढ़ मीटर ऊंचा झाड़ीदार पौधा होता है। इसके पत्ते जोड़ी में लगे होते हैं, फूल पीले रंग के होते हैं और फलियां लंबी व पतली होती हैं। बच्चे अक्सर इसकी फलियों को सेम या मटर समझकर खा लेते हैं, जबकि इसके बीजों में मौजूद विषैले तत्व गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। आईएमए अध्यक्ष डॉ. डीके गुप्ता ने नगर निगम से अपील की कि स्कूलों, पार्कों और बच्चों के खेलने के मैदानों के आसपास इस तरह के जहरीले पौधों की पहचान कर उन्हें तत्काल हटाया जाए।वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डीके तिवारी, डॉ. आरएस पंवार, डॉ. मनदीप सिंह और डॉ. महेश गोयल ने बताया कि वर्ष 2008 में भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कसौंदी की फली खाने से बीमारी के कई मामले सामने आए थे। शुरुआत में इन मामलों को दिमागी बुखार समझा गया, लेकिन बाद में कसौंदी के बीजों को इसका कारण पाया गया। इसके विषैले तत्व लिवर, मांसपेशियों और मस्तिष्क को प्रभावित कर सकते हैं। उस समय सहारनपुर में भी बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया था। आईसीयू विशेषज्ञ डॉ. अल्पना त्रिपाठी और डॉ. हिमांशु कुमार ने बताया कि कसौंदी की फली खाने के बाद उल्टी, पेट दर्द, कमजोरी और बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसी स्थिति में बिल्कुल लापरवाही न करें और बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाएं। चिकित्सक को यह जानकारी भी अवश्य दें कि बच्चे ने कसौंदी की फली खाई है।वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. सीएस चोपड़ा ने आमजन से अपील की कि घरों, स्कूलों और आसपास के खाली स्थानों पर कसौंदी का पौधा दिखाई देने पर उसे जड़ सहित हटवाएं। साथ ही बच्चों को समझाएं कि वे किसी भी अनजान पौधे, फल या फली को बिना बड़ों की अनुमति के मुंह में न डालें। थोड़ी सी सावधानी बच्चों को गंभीर खतरे से बचा सकती है।

0 टिप्पणियाँ