कुम्भ-2027 की तैयारियों के तहत मेला क्षेत्र में तेजी से आकार ले रही अवस्थापना सुविधाएं
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति परखी
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार-कुम्भ मेला-2027 के पावन पर्व के लिए कुम्भ नगरी को सजाया-संवारा जा रहा है।मेला क्षेत्र में सड़कों,फुटपाथों,घाटों,पुलों,चौराहों के सुधार एवं सौंदर्यीकरण के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी विभिन्न अवस्थापना परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इन कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने गुरुवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित,अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।मेलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान सड़कों के नवीनीकरण एवं सुधार,फुटपाथ निर्माण और चौराहों के व्यवस्थित विकास से जुड़े कार्यों की प्रगति देखी।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गतिमान कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। आइरिस पुल के निकट एडमिन रोड,बैरागी कैंप,एनएच सर्विस लेन तथा शंकराचार्य चौक मार्ग के जंक्शन का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने इन स्थलों पर सड़क एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आसपास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए।उन्होंने जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के साथ आइरिस पुल और महिला मिलन मंदिर के मध्य स्थित भूमि का भी जायजा लिया।यहां उपलब्ध भूमि को व्यवस्थित कर पार्क विकसित करने और स्नान की सुविधा के लिए घाट को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए।प्रवेश द्वार के निकट स्थित पुराने कमरों को प्रसाधन एवं चेंजिंग रूम के रूप में विकसित करने को भी कहा। मेलाधिकारी ने आइरिस पुल से शंकराचार्य चौक को जोड़ने वाली सड़क के सुधार कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा इस क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।शंकराचार्य चौक पर चल रहे सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के साथ लैंडस्केपिंग की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने सभी कार्यों को बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा।कनखल मार्ग पर सड़क सुधार एवं फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।उन्होंने मार्ग पर बेतरतीब ढंग से खड़े विद्युत एवं अन्य पोलों को हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डाम कोठी रोड के चौड़ीकरण और इस क्षेत्र में घाटों के अनुरक्षण कार्यों का भी निरीक्षण किया।पंतद्वीप क्षेत्र में यूआईआईडीबी की परियोजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए मेलाधिकारी ने गतिमान कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित,अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार,एचआरडीए के सचिव प्रत्यूष सिंह,उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह,लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह,अधिशासी अभियंता योगेश कुमार,पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट,एचआरडीए के उद्यान अधिकारी ए.आर. जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ