मुख्यमंत्री ने नौवें जौनपुर महोत्सव का किया शुभारंभ,
52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ पर्यटन,कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता-मुख्यमंत्री
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
टिहरी गढ़वाल-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र धनौल्टी के अंतर्गत थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 52.55करोड़ की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।इनमें 3050.63लाख की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा 2204.62लाख की 15योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।ये योजनाएं सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण,शिक्षा,सिंचाई,पार्किंग,पशुपालन तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से संबंधित हैं।मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को जौनपुर महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध लोक संस्कृति,परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्वपूर्ण माध्यम हैं।इनके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।साथ ही खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जौनपुर महोत्सव समिति के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार टिहरी एवं आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।लगभग 1300करोड़ की लागत से टिहरी झील एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है,जिससे पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।उन्होंने कहा कि टिहरी झील को साहसिक पर्यटन एवं वाटर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कयाकिंग,कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में सड़क एवं पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक कार्य किए गए हैं।कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 6करोड़ की लागत से सुरक्षा उपचार कार्य पूर्ण कराया गया है।इसी प्रकार 10करोड़ से अधिक की लागत से कैम्पटी-चड़ोगी हल्का वाहन मोटर मार्ग के परिवर्तन एवं डामरीकरण का कार्य भी पूर्ण किया गया है।पर्यटकों की सुविधा के लिए कद्दूखाल में 8करोड़ से अधिक की लागत से वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराकर गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।केदारखंड एवं मानसखंड के प्रमुख मंदिरों के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखना भी आवश्यक है।मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण की स्वीकृति देने,जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए 273लाख तथा भवन बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4करोड़ 72लाख की स्वीकृति देने की घोषणा की।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं डामरीकरण से संबंधित मांगपत्रों पर विचार करने के उपरांत उन्हें घोषणाओं में शामिल करने की बात भी कही।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर द्वारा कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेन्द्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण एवं महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों के अनुवाद के माध्यम से साहित्य एवं लोकभाषा के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’सम्मान से सम्मानित किया।इस अवसर पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र तथा कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया।स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं स्वीकृत कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सीता पंवार ने भी क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विभिन्न स्थानीय आवश्यकताओं से अवगत कराया।इस अवसर पर राज्यमंत्री श्रीमती गीता रावत,भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत,पूर्व विधायक महावीर रांगड़,नगर पालिका मसूरी की अध्यक्ष श्रीमती मीरा सकलानी,पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि,जौनपुर महोत्सव समिति के पदाधिकारी,विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ