अमर हुतात्मा भाई मति दास जी छिब्बर के बलिदान दिवस पर श्रद्धासुमन अर्पित कर किया नमन
पार्षद स. राजेंद्र सिंह कोहली को समाज एवं जनहित में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए किया सम्मानित
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- संस्कार दीप परिवार सहारनपुर के तत्वावधान में आज पटेल नगर स्थित शहीद मतिदास पार्क में अमर हुतात्मा, महान बलिदानी एवं शहीदों के सरताज भाई मति दास जी छिब्बर के 351वें शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया। प्रसिद्ध समाजसेवी राणा सिंधु, वार्ड 40 के पार्षद स. राजेंद्र सिंह कोहली, मुकेश दत्ता, स. कुलवंत सिंह भाटिया एवं दिनेश दत्ता ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम संयोजक रवि बख्शी ने कहा कि देश, कौम और धर्म की रक्षा के लिए भारतभूमि पर अनेक वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। बाबा परागा जी के पड़पोते तथा नवम पातशाही श्री गुरु तेग बहादुर जी के दीवान भाई मति दास जी छिब्बर का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। 9 नवंबर 1675 को दिल्ली के चांदनी चौक में 34 वर्ष की आयु में उन्हें लकड़ी के दो खंभों के बीच बांधकर आरे से चीरकर शहीद कर दिया गया था। उनका अदम्य साहस, धर्मनिष्ठा और त्याग आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा।वार्ड 40 के पार्षद स. राजेंद्र सिंह कोहली ने कहा कि भारतीय धर्म एवं संस्कृति की रक्षा के लिए भाई मति दास जी का बलिदान सर्वोच्च बलिदानों में गिना जाता है। अत्यंत क्रूर यातनाओं के बावजूद उनकी अटूट आस्था और गुरु के प्रति समर्पण प्रेरणादायक है। हम सभी उनकी महान शहादत को नमन करते हैं।गुरु तेग बहादुर स्कूल के प्रबंधक स. सतविंदर सिंह माकन ने कहा कि भाई मति दास जी ने आरे से चीरने जैसी असहनीय यातना के दौरान भी अपनी आस्था नहीं छोड़ी। उनकी कुर्बानी और धर्म के प्रति समर्पण की गाथा युवाओं तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।समाजसेवी मुकेश दत्ता ने कहा कि भाई मति दास जी ने धर्म और सिद्धांतों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका बलिदान हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। इस अवसर पर स. कुलवंत सिंह भाटिया एवं वेद प्रकाश पोपली ने भी अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम के दौरान वार्ड 40 के पार्षद स. राजेंद्र सिंह कोहली को समाज एवं जनहित के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट योगदान, सेवा और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।इस अवसर पर स. हरभजन सिंह कलसी, राणा सिंधु, प्रदीप भाटिया, सतीश चड्ढा, मुकेश सेठ, सुमित सेठी, चरणजीत गुलाटी, उर्वशी दत्ता, प्रीति बख्शी एवं राजीव जुनेजा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।गोष्ठी का संचालन रवि बख्शी ने किया।

0 टिप्पणियाँ