Ticker

6/recent/ticker-posts

भुगतान न होने से देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के ठेकेदारों की रही 'काली दिवाली'

 भुगतान न होने से देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के ठेकेदारों की रही 'काली दिवाली'

जल जीवन मिशन का बकाया भुगतान रुका, देहरादून के ठेकेदारों ने दी पुनः अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

रिपोर्ट विकास कुमार 

देहरादून- देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन, देहरादून की ओर से आज चंदन नगर स्थित प्रमुख कार्यालय में एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपस्थित सभी ठेकेदारों ने 'जल जीवन मिशन' के अंतर्गत किए गए कार्यों का लंबे समय से भुगतान न होने पर गहरा रोष व्यक्त किया। ठेकेदारों ने वर्ष 2026 की दिवाली को अपने लिए 'काली दिवाली' करार दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने  विभाग और सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि सभी ठेकेदार अपने बकाया भुगतान के लिए उत्तराखंड सचिवालय और संबंधित विभागों के चक्कर लगाकर थक चुके हैं, लेकिन शासन-प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। भुगतान अटकने के कारण ठेकेदार अपने मजदूर भाइयों और वेंडरों को भी पैसे नहीं दे पा रहे हैं।अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने आगे कहा कि एक तरफ पूरे प्रदेश में राज्य स्थापना दिवस का जश्न मनाया जा रहा है, केंद्रीय मंत्रियों के दौरे हो रहे हैं और हर तरफ त्योहार की रौनक है। वहीं दूसरी तरफ ठेकेदारों के पेट पर ऐसी लात मारी गई है कि उनके साथ-साथ मजदूरों और वेंडरों के सामने भी भूखे रहने की नौबत आ गई है। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि ऐसी विकट स्थिति में ठेकेदार दिवाली कैसे मनाते, उनके जीवन में पहले भी अंधेरा था और आज भी अंधेरा ही छाया हुआ है। सरकार की इस लापरवाही और विभागीय अधिकारियों की अनदेखी का खामियाजा ठेकेदारों को कब तक भुगतना पड़ेगा, यह स्पष्ट नहीं है।बैठक में मौजूद सभी ठेकेदारों ने एकजुटता दिखाते हुए इस मुद्दे पर अपना पूर्ण समर्थन दिया। एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि यदि जल्द ही बकाया भुगतान नहीं किया गया, तो सभी ठेकेदार आने वाले दिनों में पुनः अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठने को बाध्य होंगे। हड़ताल की तिथि और रूपरेखा की सूचना जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

 "महर्षि कश्यप ज्ञान आश्रम द्वारा मृत्युभोज कुप्रथा को किया गया बन्द "