Ticker

6/recent/ticker-posts

क्रिकेट के मैदान पर सहारनपुर की बेटी वर्णिका ने मनवाया अपनी प्रतिभा का लोहा

क्रिकेट के मैदान पर सहारनपुर की बेटी वर्णिका ने मनवाया अपनी प्रतिभा का लोहा

रिपोर्ट मनोज कश्यप

सहारनपुर- क्रिकेट के मैदान पर सहारनपुर की बेटी वर्णिका लगातार अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। गांव बीराखेड़ी निवासी राजपाल सिंह और सुषमा देवी की बेटी वर्णिका को सीनियर टी-20 ट्रॉफी में टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में ही उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ 66 गेंदों पर 95 रन की शानदार पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी इस उपलब्धि से सहारनपुर के क्रिकेट खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (एसडीसीए) के पदाधिकारियों में खुशी का माहौल है। सभी ने उनकी सफलता पर गर्व जताते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

एसडीसीए के चेयरमैन परविंदर सिंह ने कहा कि वर्णिका ने अपनी मेहनत और शानदार खेल प्रदर्शन से सहारनपुर का गौरव बढ़ाया है। सीनियर टी-20 ट्रॉफी में कप्तानी मिलना और पहले ही मुकाबले में 95 रन बनाना उनकी प्रतिभा का प्रमाण है। अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि वर्णिका की सफलता पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उनकी उपलब्धियां अन्य बेटियों को भी क्रिकेट के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।एसोसिएशन के सचिव यशपाल ने बताया कि वर्णिका ने पिछले वर्ष सीनियर वनडे ट्रॉफी में सात मैचों में 453 रन बनाए थे और टीम की उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाई थी। उनका चयन सीनियर जोनल वनडे ट्रॉफी और मल्टीडे प्रतियोगिता में भी उपकप्तान के रूप में हुआ है। कोषाध्यक्ष पाली कालड़ा ने कहा कि वर्णिका का इंडिया इमर्जिंग कैंप के लिए चयन होना बड़ी उपलब्धि है। वह वर्ष 2022 में भारतीय अंडर-19 चैलेंजर प्रतियोगिता में भी देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।एसडीसीए के उपाध्यक्ष रवि सिंघल, संयुक्त सचिव ऋषि चौधरी और मीडिया प्रभारी सैयद मशकूर सहित अन्य पदाधिकारियों, क्रिकेट खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने भी वर्णिका को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्णिका भविष्य में भी अपने शानदार प्रदर्शन से नई उपलब्धियां हासिल कर सहारनपुर और देश का नाम रोशन करेंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

 महर्षि कश्यप ज्ञान आश्रम की एक और बड़ी पहल, मृत्युभोज बंद करने का दिलाया संकल्प