सहारनपुर के मुक्केबाजों ने राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में लहराया परचम, जीते चार पदक
सहायक प्रशिक्षक प्रवीन कुमार ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-गौतमबुद्ध नगर के सादोपुर में 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित प्रथम यूपीबीए अंडर-12 मिनी बालक उत्तर प्रदेश राज्य बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में सहारनपुर के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले का नाम रोशन हुआ। पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।
प्रतियोगिता में सहारनपुर के कार्तिक ने 25-27 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं विराट सिंह ने 30-33 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके अलावा अभिनव ने 40-43 किलोग्राम तथा रुद्रप्रताप ने 52-55 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित स्वागत समारोह में सहायक प्रशिक्षक प्रवीण कुमार ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की।इस अवसर पर अविनाश कुमार, आशीष कुमार, पवन राणा, सोनू राणा सहित अन्य लोगों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

0 टिप्पणियाँ