उद्यमियों और व्यापारियों ने उठाए पानी निकासी व सड़क निर्माण के मुद्दे
निगम में उद्योग बंधु और व्यापार बंधु की हुई अलग-अलग बैठकें
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- अपर नगरायुक्त प्रदीप कुमार यादव की अध्यक्षता में आज शाम निगम के शाकुंभरी सभागार में उद्योग बंधु और व्यापार बंधु की अलग-अलग बैठके हुयी। बैठक में उद्यमियों एवं व्यापारियों द्वारा उठायी गयी समस्याओं के सम्बंध में नगर निगम द्वारा की गयी कार्रवाई से निगम अधिकारियों ने अवगत कराया।
विभिन्न क्षेत्रों में खराब पड़ी लाईटों के सम्बंध में पथ प्रकाश प्रभारी/अधिशासी अभियंता वी बी सिंह ने व्यापारियों एवं उद्यमियों को आश्वस्त किया कि जल्दी ही लाइटों को ठीक कराने का कार्य शुरु करा दिया जायेगा। जनता रोड़, ब्रजेश नगर पुल के नीचे तथा जीपीओ रोड पर अतिक्रमण के सम्बंध में अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव ने प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच बी गुरुंग को प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उद्योग बंधु की बैठक में आईआईए, लघु उद्योग भारती, सीआईएस व हौजरी एसोसियेशन से जुडे़ उद्यमियों ने कामधेनु उद्योग नगर,दूधली देहरादून रोड, नवादा रोड़, ग्रीन लैंड इण्डस्ट्रियल एरिया आदि में सड़क व नाली निर्माण तथा जल निकासी के लिए नालों के निर्माण आदि के मुद्दे उठाये। जिस पर अधिशासी अभियंता निर्माण आलोक श्रीवास्तव ने सिलसिलेवार बताया कि उक्त निर्माण कार्यो के सम्बंध में महापौर डॉ. अजय कुमार के निर्देश पर निगम के निर्माण विभाग द्वारा आगणन तैयार कर लिए गए हैं, जिन्हें 15वें वित्त की आगामी बैठक में उन्हें प्रस्तावों में सम्मलित किया जायेगा। उद्यमियों ने अम्बाला रोड को गंगोह बाईपास मार्ग से जोड़ने वाले लिंक रोड़ की जीर्णशीर्ण अवस्था का उल्लेख करते हुए उसे आरसीसी से बनवाये जाने की मांग की। अधिकारियों ने बताया कि उक्त सड़क निर्माण के लिए महापौर के निर्देश पर 85 लाख रुपये का आगणन तैयार किया गया है, जिसे 15 वे वित्त की बैठक में सम्मलित किया जायेगा। सीआईएस से सम्बद्ध उद्यमियों ने द्रोणपुरी ग्राम मेघछप्पर अम्बाला रोड औद्योगिक क्षेत्र में सर्वे कराकर नयी सड़के बनवाने का मामला उठाया। जिस पर अधिकारियों ने बताया कि उक्त क्षेत्र निगम सीमा क्षेत्र से बाहर है। बैठक में रविंद्र मिगलानी, गौरव चौपड़ा,सुरेंद्र मोहन, निशांत गुप्ता, राजीव कुमार व आशीष मित्तल आदि उद्यमी शामिल रहे।व्यापार बंधु की बैठक में जसवंत सिंह बतरा, जयवीर राणा, रोहित घई,आलोक अग्रवाल, गौरव चौहान, नुसरत साबरी, विजय मल्होत्रा, राजेश गुलाटी, अंकित जैन, रोहन राजपाल, नीरज अरोड़ा व सिराज हसन फारुखी आदि व्यापारियों ने जेल चुंगी से नवाब गंज चौक तक सड़क चौड़ीकरण करने की मांग की। जिस पर अधिकारियों ने बताया कि उक्त मार्ग पीडब्लूडी के स्वामित्व में है। इसके अलावा आवास विकास नीरजा पार्क में हाई मास्ट लाईट ठीक कराने, देहरादून चौक स्थित शौचालय की नियमित सफाई कराने, पुल खुमरान पर बना कूड़ाघर हटवाने, नालों की सफाई के साथ निकाली गयी शिल्ट तुरंत उठवाने, मौहल्ला चौंताला व रानी बाजार में बंदरों को पकड़वाने आदि के मामले उठाये गए। जिन पर सम्बंधित अधिकारियों ने स्थिति से अवगत कराते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया।बैठक में महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ. प्रवीन शाह, अधिशासी अभियंता वी बी सिंह व आलोक श्रीवास्तव, पशु चिकित्सा एव कल्याण अधिकारी डॉ. ंसंदीप मिश्रा, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच बी गुरुंग व डीआईसी के अजय कुमार त्रिपाठी सहित अनेक अधिकारी शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ