मुख्यमंत्री ने लाभार्थी सुनीता से कहा, अच्छा घर बनाइयें, अभी दो किश्त और मिलेगी
मुख्यमंत्री ने सहारनपुर के सवा 10 हजार लाभार्थियों को भेजे एक-एक लाख
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-2.0 के अंतर्गत व्यक्तिगत आवास निर्माण हेतु सहारनपुर जिले के 10 हजार 214 लाभार्थियों के खाते में सिंगल क्लिक से प्रथम किश्त की धनराशि एक लाख रुपये स्थानांतरित की। उन्होंने सहारनपुर की एक महिला लाभार्थी सुनीता से भी वर्चुअल संवाद किया।
जनमंच में आयोजित समारोह में प्रतीक रुप में 10 लाभार्थियों को नगर विधायक राजीव गुंबर, विधायक देवेंद्र निम, मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई व दल नेता मुकेश गक्खड़ द्वारा आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किये गए। प्रदेश में, सर्वाधिक 10 हजार 214 लाभार्थियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र सहारनपुर में वितरित किये गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद किया। मुख्यमंत्री ने सहारनपुर कलक्ट्रेट परिसर स्थित एनआईसी में कुछ लाभार्थियों के साथ उपस्थित संतनगर, नुमाइश कैंप निवासी सहारनपुर की एक लाभार्थी सुनीता पत्नी अशोक कुमार से भी संवाद किया। मुख्यमंत्री ने सुनीता से पूछा, उसका घर कहां हैं, सरकारी योजनाओं का क्या-क्या लाभ मिला है? घर में कौन-कौन है, तुम्हारे साथ जो लाभार्थी बैठे है, इन सबकों भी लाभ मिल रहा है ना? इस पर सुनीता ने जवाब दिया-‘ जी सबको लाभ मिल रहा है, मैं आज बहुत खुश हूं। परिवार में हम चार लोग है, हमारे दो बच्चे हैं, मेरे पति बिजली का काम करते हैं।’’ मुख्यमंत्री ने सुनीता से आगे कहा, ‘‘ घर बनायेंगे तो बिजली का काम फ्री हो जायेगा, यह घर प्रधानमंत्री ने आपको दिया है। मकान अच्छा बनाइए, अभी दो किश्त आपको और मिलेंगी।’’ मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश में आज 90 हजार लाभार्थियों को सिंगल क्लिक से प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत प्रथम किश्त भेजी गयी है। सहारनपुर में 10 हजार 214 को यह लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि हमने चेहरा देखकर लाभ नहीं दिया है। गरीब, महिला, वंचित, दलित व अनुसूचित जाति आदि सभी को दिया है। इससे इन लाभार्थियों का जीवन स्तर ऊपर उठेगा तो उसका लाभ राज्य को भी मिलेगा। राज्य विकास की ओर बढे़गा और राज्य की अर्थव्यवस्था को इसका लाभ मिलेगा। जिन 10 लोगों को आज प्रतीक रुप में आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किये गए उनमें पीरमाजरा की स्वाति, ताहरपुर सिद्धार्थ एंकलेव निवासी सुमित कुमार, हलालपुर निवासी मनोज कुमार, मुल्लापुर मजबता निवासी बृजेश रानी, ज्वालाजी एंक्लेव निवासी वंश व सुमन, दराकोटतला आकाश एंक्लेव निवासी हरिओम, गढ़ीमलूक नंबर एक निवासी सतेंद्र व सोमती, तथा दराकोटतला रोहित गार्डन निवासी शेरसिंह शामिल रहे।इस अवसर पर नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि जाति -धर्म से ऊपर उठकर योगी आदित्यनाथ की सरकार सबके सपनो को साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि आज सवा दस हजार में से महानगर के 09 हजार लाभार्थियों को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री के सबका साथ-सबका विकास का उल्लेख करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की अन्य योजनाओं की भी बात की। विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि मुख्यमंत्री का संकल्प है कच्चे मकान में रहने वाले हर व्यक्ति का अपना पक्का घर होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. भीमराव अम्बेडकर व पं. दीनदयाल उपाध्याय की सोच को साकार करने का काम कर रहे हैं।इससे पूर्व अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव, सहायक नगरायुक्त जे पी यादव व बिकासधर दुबे, पीओ डूडा विकास कुमार पाण्डेय ने अतिथियों को बुके देकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में उक्त अतिथियों के अलावा अनेक पार्षदगण मौजूद रहे। संचालन डॉ. वीरेन्द्र आज़म ने किया।

0 टिप्पणियाँ