कांग्रेस की रोज़ा इफ्तार पार्टी में उमड़ा भाईचारे का संदेश, बड़ी संख्या में जुटे लोग
रमज़ान का पवित्र महीना हमें सब्र, संयम, सेवा और भाईचारे का संदेश देता है-श्वेता सैनी
रिपोर्ट डाँ ताहिर मलिक/अमन मलिक
रामपुर मनिहारान- पवित्र माह रमज़ान के अवसर पर विरासत फार्म्स, दिल्ली रोड, रामपुर मनिहारान स्थित कांग्रेस कार्यालय में रोज़ा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन इंजीनियर सत्य संयम भूर्यान सैनी, पूर्व प्रदेश सचिव उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी 09 थाना भवन विधानसभा के सौजन्य से किया गया। इफ्तार कार्यक्रम में क्षेत्र के सम्मानित वरिष्ठजन, सामाजिक कार्यकर्ता, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एक साथ बैठकर रोज़ा इफ्तार किया और देश में अमन, शांति, तरक्की तथा आपसी भाईचारे के लिए दुआ मांगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रमज़ान की मुबारकबाद देते हुए समाज में सद्भाव और एकता बनाए रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला महिला कांग्रेस कमेटी सहारनपुर की जिलाध्यक्ष श्वेता सैनी ने कहा कि रमज़ान का पवित्र महीना हमें सब्र, संयम, सेवा और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी विश्वास को मजबूत करते हैं। सभी धर्मों और समुदायों के लोगों का एक साथ बैठकर इफ्तार करना भारत की गंगा-जमुनी तहज़ीब की सुंदर मिसाल है। कार्यक्रम के आयोजक इंजीनियर सत्य संयम भूर्यान सैनी ने उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी को रमज़ान की बधाई देते हुए देश में शांति, सद्भाव और खुशहाली की कामना की। इस मौके पर अज़ीम मलिक सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

0 टिप्पणियाँ