विश्व ग्लूकोमा सप्ताह पर डॉ. श्रॉफ्स चैरिटी आई हॉस्पिटल द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-डॉ. श्रॉफ्स चैरिटी आई हॉस्पिटल मनानी, सहारनपुर द्वारा विश्व ग्लूकोमा सप्ताह (8 मार्च से 14 मार्च) के अवसर पर लोगों को काला मोतिया (ग्लूकोमा) के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल द्वारा क्विज प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, ड्राइंग प्रतियोगिता तथा नुक्कड़ नाटक सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनके माध्यम से लोगों को आंखों के स्वास्थ्य और समय पर जांच कराने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर 14 मार्च को अस्पताल द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने काला मोतिया से बचाव और नियमित आंखों की जांच के महत्व को दर्शाती हुई पेंटिंग एवं संदेशों के माध्यम से आम जनता को जागरूक किया। इस अवसर पर अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक भी मौजूद रहे। रैली के दौरान डॉ. सुमित द्वारा उपस्थित लोगों को ग्लूकोमा के लक्षण, बचाव और समय पर जांच के महत्व के बारे में हेल्थ टॉक दी गई। उन्होंने बताया कि ग्लूकोमा एक गंभीर आंखों की बीमारी है, लेकिन समय पर जांच और उपचार से इससे होने वाली दृष्टि हानि को रोका जा सकता है।इस दौरान अस्पताल के समस्त अधिकारी, छात्राएं एवं सभी स्टाफ ने कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया।
0 टिप्पणियाँ