Ticker

6/recent/ticker-posts

नवरात्र के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन चेकिंग अभियान तेज

नवरात्र के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन चेकिंग अभियान तेज

10 सैंपल लेकर जांच को भेजा-120 किलो बिना लेबल कुट्टू आटा किया नष्ट

रिपोर्ट श्रवण कुमार झा

हरिद्वार-आगामी नवरात्र पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपद में मिलावटी एवं अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।इस अभियान के दौरान विशेष रूप से नवरात्र में उपयोग होने वाले कुट्टू और सिंघाड़े के आटे सहित अन्य व्रत संबंधी खाद्य पदार्थों की जांच पर ध्यान दिया जा रहा है।

अभियान के तहत बुधवार को लक्सर, भगवानपुर,हरिद्वार एवं धनौरी क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा प्रशासन एवं पुलिस विभाग के साथ संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया गया।जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न दुकानों,गोदामों एवं विक्रय स्थलों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान कुट्टू का आटा,सिंघाड़े का आटा,साबूदाना,मूंगफली,मसाले एवं अन्य व्रत में उपयोग होने वाली खाद्य सामग्रियों की गहन जांच की गई।टीम द्वारा संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के लगभग 10 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं,ताकि उनकी गुणवत्ता की पुष्टि की जा सके।अभियान के दौरान एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए गोवर्धनपुर रोड स्थित एक प्रोविजन स्टोर से चार बैगों में रखा लगभग 120किलोग्राम खुला कुट्टू आटा बरामद किया गया। जांच के दौरान संबंधित विक्रेता द्वारा आटे का बिल प्रस्तुत नहीं किया जा सका तथा कुछ बैगों पर निर्माता का नाम, पता, फूड लाइसेंस नंबर,निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं पाई गई।खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर उक्त आटे को सीज कर जब्त किया गया और नगर पालिका के सहयोग से डंपिंग ग्राउंड सिमली में नष्ट कराया गया।खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इस कुट्टू आटे के परिवहन से जुड़े ट्रांसपोर्टर के विरुद्ध भी नियमा नुसार कार्रवाई की जा रही है।खाद्य सुरक्षा अधिकार कपिल देव के नेतृत्व में एक टीम द्वारा नारसन एवं मंगलौर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कट्टू के आटे एवं सिंघाड़े के आटे के कुल पांच नमूनें जांच हेतु एकत्रित किए गए।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नवरात्र के दौरान इस प्रकार के चेकिंग अभियान लगातार जारी रखे जाएं और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए ।उन्होंने कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

कार्यक्रम स्थल पर समुचित तैयारियां व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं-सविन बंसल