अपनी सेवा-व्यवहार और कार्य से निगम की अच्छी छवि बनाएं- नगरायुक्त
स्वच्छ सर्वेक्षण व मुख्यमंत्री आगमन के दृष्टिगत अधिकारियों के साथ किया मंथन
अधिकारियों-कर्मचारियों को एक सप्ताह तक फील्ड में रहकर काम करने के दिए निर्देश
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- शहर में निगम की सभी बिल्डिंग, शौचालय, एमआरएफ सेंटर आदि कोई भी बिना पेंटिंग के ना रहे। सभी प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गो, चौराहों एवं तिराहों पर सफाई के साथ साथ लाईट की व्यवस्था दुरुस्त रखें। फव्वारे चालू रखें और सड़कों पर गड्ढे़ न रहें। प्रमुख मार्गो, मोहल्लों-कॉलोनियों और चौराहों-तिराहों व नाले-नालियों की सफाई सभी सफाई निरीक्षक व सफाई नायक स्वयं खड़े होकर कराएं। सभी अधिकारी और कर्मचारी अगले एक सप्ताह तक फील्ड में रहकर अपने-अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करें।
ये निर्देश नगरायुक्त शिपू गिरि ने आज शाकुंभरी सभागार में स्वच्छ सर्वेक्षण तथा निकट भविष्य में मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी अपनी सेवा, मृदु भाषा और अच्छे व्यवहार तथा कार्य से लोगों के बीच निगम की श्रेष्ठ छवि बनाएं। नगरायुक्त ने शहर में वेंडरों को डस्टबिन रखने के लिए प्रेरित करने का सुझाव देते हुए साफ सफाई रखने वाले वेंडरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने को भी कहा। उन्होंने निगम परिसर को भी और अधिक व्यवस्थित एवं साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए। नगरायुक्त ने ज्ञानागढ़, हुसैनबस्ती, मातागढ़, पुराना घास कांटा व कमेला कॉलोनी स्थित एमआरएफ सेंटरों की स्थिति के सम्बंध में एक-एक कर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शौचालयों पर शौचालय तथा स्वच्छता सम्बंधित अच्छे नारे लिखने के साथ ही सड़कों पर साइनेज और दिशा संकेतक बनाएं। उन्होंने सफाई निरीक्षकों से कहा कि सफाई व्यवस्था सफाई निरीक्षक स्वयं देखें और क्षेत्रीय जनता व पार्षदों से मिलकर भी सुझाव लेते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें। उन्होंने सफाई निरीक्षकों से हर रोज दो क्षेत्रों में वृहद सफाई अभियान चलाने का सुझाव दिया। उन्होंने सफाई निरीक्षकों, सफाई नायकों एवं सफाई मित्रों को डेªस कोड में रहने पर जोर देते हुए कहा कि डेªस कोड से न केवल उन्हें एक अलग पहचान मिलती है अपितु सुरक्षा की दृष्टि से भी उसका महत्व है।उन्होंने अधिकारियों को वेस्ट टू वंडर पार्क बनाने, रोस्टर अनुसार नालों की सफाई कराने तथा नाला सफाई अभियान की हर रोज रिपोर्टिंग करने, वेंडर जोन का निरीक्षण कर उनके आसपास सफाई व अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने , तालाबों का रखरखाव ठीक रखने तथा एसटीपी प्लांट का निरीक्षण कर वहां झाड़ियों एवं पेड़ों की कटाई-छंटाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं व्यवस्था के दृष्टिगत किसी निर्माण कार्य की आवश्यकता है तो उसे तुरंत कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि काम में कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जायेगी। नगरायुक्त ने बनाये गए जोन के जोनल अधिकारियों को प्रत्येक माह पांच-पांच लाख के आवश्यक विकास कार्य तकनीकी स्वीकृति तथा नियमानुसार कराने का अधिकार देने की भी घोषणा की। बैठक में अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव, मृत्युंजय, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेश चंद, सहायक नगरायुक्त जे पी यादव व बिकास धर दुबे सहित सभी विभागों के अधिकारी शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ