मेहनत लाई रंग : राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए सहारनपुर के सूरज का हुआ चयन
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-भारतीय कुश्ती संघ के तत्वाधान में महाराष्ट्र के औरंगाबाद में 28 से 30 अप्रैल तक आयोजित होने वाली अंडर-17 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए जनपद के उभरते हुए पहलवान सूरज का चयन उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है। वह 45 किलोग्राम भार वर्ग में ग्रीकोरोमन स्टाइल में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला कुश्ती संघ के सचिव प्रोफेसर संदीप गुप्ता ने बताया कि सूरज वर्तमान में गोंडा के नंदनीनगर में 11 से 25 अप्रैल तक चलने वाले विशेष प्रशिक्षण शिविर में पसीना बहा रहे हैं। इस कैंप में सूरज प्रदेश भर से आए दिग्गज पहलवानों के साथ कुश्ती की बारीकियों को सीख रहे हैं। कोच और विशेषज्ञों की देखरेख में सूरज आगामी नेशनल चैंपियनशिप के लिए खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार कर रहे हैं। गांव सलाहपुर के निवासी जगमाल और रविता का होनहार पुत्र सूरज, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला कुश्ती प्रशिक्षक आदेश कुमार से कुश्ती के दांव-पेंच सीख रहे हैं। सूरज की इस उपलब्धि पर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सूरज की प्रतिभा को देखते हुए हमें पूरी उम्मीद है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर जिले व प्रदेश का नाम रोशन करेगा।राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चयन होने पर सूरज को पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, सचिव प्रोफेसर संदीप गुप्ता, मशकूर अहमद, कुश्ती प्रशिक्षक आदेश कुमार, पार्षद गौरव कपिल, अभिषेक तोमर, चौधरी ईश्वरपाल सिंह मुखिया, यशपाल सिंह पुंडीर, सुधीर चौधरी , मुस्तकीम अंसारी, लाल धर्मेंद्र प्रताप, सुनील गुप्ता, सोनवीर सिंह, मनीष कुमार, मनोज प्रजापति , रवि कोरी, शौर्य गुप्ता, सुप्रिया रानी आदि ने शुभकामनायें दी।

0 टिप्पणियाँ