हरेला पर्व पर संभागीय परिवहन कार्यालय में 200से अधिक छायादार पौधों का रोपण
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार-उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक परंपरा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक हरेला पर्व के अवसर पर जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार संभागीय परिवहन कार्यालय,हरिद्वार द्वारा व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।इस अभियान के अंतर्गत 200से अधिक फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण संभागीय परिवहन कार्यालय परिसर तथा ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक परिसर में किया गया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा ने किया।इस दौरान परिवहन कर अधिकारी श्रीमती वरुणा सैनी,संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन सहित कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि हरेला पर्व केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं,बल्कि प्रकृति,पर्यावरण एवं भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।वृक्षारोपण से पर्यावरण संरक्षण,जैव विविधता का संवर्धन,जल संरक्षण,स्वच्छ वायु तथा जलवायु संतुलन को बढ़ावा मिलता है।इस मौके पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया,ताकि वे भविष्य में विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।संभागीय परिवहन कार्यालय द्वारा आमजन से भी हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण के इस जन अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।हरेला पर्व पर आयोजित यह वृक्षारोपण अभियान हरित उत्तराखण्ड के निर्माण, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के प्रति परिवहन विभाग की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।
0 टिप्पणियाँ