राष्ट्रीय रग्बी प्रशिक्षण शिविर के लिए चयनित हुईं सहारनपुर की दो बेटियां
सहारनपुर की होनहार रग्बी खिलाड़ी खुशी देवी और अल्हमा राष्ट्रीय रग्बी प्रशिक्षण शिविर के लिए चयनित, खेल जगत में खुशी की लहर
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर - जिले की दो होनहार रग्बी खिलाड़ी खुशी देवी और अल्हमा का भुवनेश्वर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चयन होने पर जिला रग्बी फुटबॉल संघ सहारनपुर के पदाधिकारियो समेत खेल प्रशिक्षको ने दोनो खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला रग्बी फुटबॉल संघ सहारनपुर के सचिव संजय कुमार ने बताया कि 26 जुलाई से 1 सितंबर 2026 तक भुवनेश्वर में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर 5 एवं 6 सितंबर 2026 को चीन में आयोजित होने वाली एशियाई जूनियर महिला रग्बी चैंपियनशिप के लिए भारतीय जूनियर महिला टीम के चयन के उद्देश्य से लगाया जा रहा है। इस कैंप में देश भर की चुनिंदा रग्बी खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। शिविर में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम का अंतिम चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में सहारनपुर की प्रतिभाशाली खिलाड़ी खुशी देवी और अल्हमा का संभावित खिलाड़ियों के रूप में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी अब राष्ट्रीय शिविर में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर भारतीय टीम में जगह बनाने का प्रयास करेंगी।सचिव संजय कुमार ने बताया कि हाल ही में हैदराबाद में आयोजित जूनियर राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। उनके उत्कृष्ट खेल, अनुशासन और समर्पण को देखते हुए राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चुना गया है। दोनों खिलाड़ी सहारनपुर की उभरती हुई प्रतिभाएं हैं और कोच मानसी स्वामी के मार्गदर्शन में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। उनका यह चयन न केवल उनके परिवार और सहारनपुर जिले के लिए, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के खेल जगत के लिए गर्व का विषय है। इस अवसर पर जिला रग्बी फुटबॉल संघ के अध्यक्ष पारस छाबड़ा, सचिव संजय कुमार, संजीव कुमार, विक्की कर्णवाल, लाल धर्मेन्द्र प्रताप, अविनाश कुमार बिट्टू, जुली पुंडीर, जोगेंद्र सिंह, पोपिन कुमार, सतीश कुमार सहित संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने खुशी देवी, अल्हमा तथा उनकी कोच मानसी स्वामी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

0 टिप्पणियाँ