उत्तराखंड का पानी बचीटी गांव में घुसा, फसलें लबालब
तीन दिनों से हो रही बरसात ने जनजीवन किया अस्त व्यस्त
रिपोर्ट समीर चौधरी
देवबंद - तीन दिनों से रुक रुक कर हो रही बरसात ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। क्षेत्र में जगह जगह जलभराव की स्थिति बनी है। शुक्रवार को पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के चलते उत्तराखंड से छोड़ा गया पानी तल्हेड़ी बुजुर्ग क्षेत्र के बचीटी गांव तक पहुंच गया। इससे निचले इलाकों में पानी भरने के साथ ही खेत खलिहान लबालब हो गए।
बचीटी के ग्रामीणों राजेंद्र, शमशाद, अरविंद, मोहम्मद सालिम, घसीटू, शहजाद आदि ने बताया कि बरसात के मौसम में अक्सर उत्तराखंड से छोड़ा गया पानी गांव में घुस जाता है जिससे खासा नुकसान होता है। इतना ही नहीं गत वर्ष तेज बहाव के चलते गांव के ही दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई थी। वहीं, बरसात के चलते नगर के निचले इलाके खानकाह, बड़जियाउलहक, कोहला बस्ती आदि के इलाके में भी कई कई फीट पानी जमा है। जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। वर्षा का असर बाजारों में भी देखने को मिल रहा है। दुकानों से ग्राहक नदारद है और दुकानदार हाथ पर हाथ धरे बैठे है। किसानों के चेहरे पर भी अधिक बरसात के चलते अपनी फसलों को लेकर चिंता की लकीरें खिंचने लगी है।
0 टिप्पणियाँ