देवबंद में सडक़ किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत
मुरादाबाद के रहने वाले थे दोनों युवक, कारपेंटर का करते थे काम
काम करने जा रहे थे हिमाचल प्रदेश, तल्हेड़ी बुजुर्ग में हुआ हादसा
रिपोर्ट समीर चौधरी
देवबंद -सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाइवे स्थित तल्हेड़ी बुजुर्ग में सडक़ किनारे खड़े ट्रक के पीछे बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक कारपेंटर थे जो कि मुरादाबाद में रहते थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए है।
जनपद मुरादाबाद के डिंगपुर ब्लाक के गांव अहमदनगर जैतवारा निवासी 29 वर्षीय कमर आलम और गांव गोविंदपुर खुर्द निवासी 27 वर्षीय तैयब अली कारपेंटर का काम करते थे। मंगलवार तडक़े करीब चार बजे दोनों काम करने के लिए बाइक द्वारा हिमाचल प्रदेश के लिए निकले थे। इस दौरान सुबह करीब 9.30 बजे जब वह तल्हेड़ी बुजुर्ग में बस स्टैंड के निकट पहुंचे तो अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस बीच ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची और जानकारी ली। तलाशी के दौरान एक युवक की पहचान उसकी जेब से मिले आधार कार्ड जबकि दूसरे की पहचान मोबाइल के माध्यम से हुई। पुलिस ने मृतकों के स्वजन को सूचना देते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। कोतवाली प्रभारी कपिल देव ने बताया कि दोनों युवक कारपेंटर थे और काम के सिलसिले में हिमाचल प्रदेश के लिए निकले थे। दोनों ही हेलमेट पहने हुए थे। स्वजन सहारनपुर पहुंच गए थे, उनकी ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
0 टिप्पणियाँ