Ticker

6/recent/ticker-posts

धर्मनगरी को स्वच्छ,सुंदर एवं निर्मल बनाने के उद्देश्य से चलाया गया स्वच्छता अभियान

 धर्मनगरी को स्वच्छ,सुंदर एवं निर्मल बनाने के उद्देश्य से चलाया गया स्वच्छता अभियान

रिपोर्ट श्रवण कुमार झा

हरिद्वार- गंगानहर बंदी के दौरान तथा आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत धर्मनगरी को स्वच्छ,सुंदर एवं निर्मल बनाने के उद्देश्य से रविवार को प्रेमनगर आश्रम के अनुयायियों एवं साधु-संतों द्वारा आश्रम स्थित घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।अभियान में कई सौ लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए श्रमदान किया।

इस दौरान घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर लगभग 10टन गीला एवं सूखा कूड़ा एकत्रित किया गया,जिसे समुचित निस्तारण के लिए भिजवाया गया।इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने कहा कि हरिद्वार की स्वच्छता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों के साथ-साथ सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।आगामी कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत घाटों,सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखना हम सभी की प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि प्रेम नगर आश्रम के अनुयायियों द्वारा चलाया गया यह अभियान जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। ऐसे सामूहिक प्रयास न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं,बल्कि लोगों में अपने शहर,पर्यावरण और गंगा के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।उन्होंने सभी संस्थाओं एवं आमजन से स्वच्छ हरिद्वार के संकल्प को साकार करने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।इस मौके पर प्रेमनगर आश्रम के महाप्रबंधक महात्मा सौम्यानंद ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग,संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है,बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थाओं,साधु-संतों,स्वयंसेवकों एवं आमजन को मिलकर गंगा घाटों की स्वच्छता के लिए आगे आना चाहिए।नियमित स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता के माध्यम से ही स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार के संकल्प को साकार किया जा सकता है।इस अवसर पर पवन कुमार ने कहा कि कुंभ मेला-2027 के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में गंगा घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थाओं,साधु-संतों,स्वयंसेवकों एवं आमजन के सहयोग से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है,जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार का अनुभव प्राप्त हो सके।स्वच्छता अभियान में प्रेमनगर आश्रम के अनुयायियों,साधु-संतों एवं अन्य स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।इस दौरान अनुज रावत,शंकर लाल शर्मा, मोतीलाल,नरेंद्र कुमार सहित अन्य लोगों ने प्रमुख रूप से सहभागिता निभाई। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता का संदेश देते हुए गंगा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा बनाए रखने का संकल्प लिया।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं दीं