Ticker

6/recent/ticker-posts

राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए सहारनपुर की 13 सदस्यीय टीम चयनित

 राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए सहारनपुर की 13 सदस्यीय टीम चयनित

रिपोर्ट मनोज कश्यप

सहारनपुर-राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए सहारनपुर के 13 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें सात बालक और छह बालिकाएं शामिल हैं। ये खिलाड़ी तेलंगाना के हैदराबाद में 14 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाली 20वीं राष्ट्रीय अंतर जिला जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के तत्वावधान में 14 वर्ष से कम और 16 वर्ष से कम आयु वर्ग में किया जाएगा।
जिला एथलेटिक्स संघ सहारनपुर के सचिव डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जिले की टीम के चयन के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित खेल मैदान पर जिला जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया। कुल 22 इवेंटों में खिलाड़ियों ने 22 स्वर्ण, 22 रजत और 22 कांस्य पदक हासिल किए। इस प्रकार कुल 66 पदक विजेताओं में से राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए सर्वश्रेष्ठ 13 खिलाड़ियों का चयन करना चयन समिति के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।चयन समिति के अध्यक्ष यशपाल सिंह पुंडीर की अध्यक्षता में भूपेंद्र सिंह, मुस्तकीम अंसारी, लाल धर्मेंद्र प्रताप और प्रवीण कुमार ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया। समिति ने पहले विभिन्न स्पर्धाओं के स्वर्ण पदक विजेताओं के प्रदर्शन पर विचार किया। इसके बाद कई दौर के विचार-विमर्श के उपरांत 13 सदस्यीय मुख्य टीम का चयन किया गया। इसके साथ ही चार खिलाड़ियों को सुरक्षित (रिजर्व) सूची में रखा गया है।
सचिव डॉ. अशोक  गुप्ता ने बताया की 14 वर्ष से कम आयु वर्ग में कबीर अली का ट्रायथलॉन ए, कार्तिक गिरी का ट्रायथलॉन बी, अन्वी यादव का ट्रायथलॉन ए और नैंसी का ट्रायथलॉन बी स्पर्धा के लिए चयन किया गया है।16 वर्ष से कम आयु वर्ग में अनंत शर्मा का 60 मीटर दौड़, आयुष गोरसी का 600 मीटर दौड़, वंश कुमार का गोला फेंक, रुद्र प्रताप का भाला फेंक और वैभव कपिल का पेंटाथलॉन के लिए चयन हुआ है। वहीं बालिका वर्ग में अंशु 60 मीटर दौड़, अंशु रानी लंबी कूद, रहमत इलाही गोला फेंक और परी पंवार पेंटाथलॉन में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए गगनदेव वर्मा को ट्रायथलॉन सी, अवंतिका को ट्रायथलॉन सी, वंदना को 600 मीटर दौड़ और सोनाक्षी को 80 मीटर बाधा दौड़ के लिए रिजर्व खिलाड़ी के रूप में चयनित किया गया है। जिला एथलेटिक्स संघ को उम्मीद है कि चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सहारनपुर का नाम रोशन करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

 राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए सहारनपुर की 13 सदस्यीय टीम चयनित