तंबाकू और निकोटिन युक्त गुटखा,पान मसाला की बिक्री पर एक साल के लिए प्रतिबंध
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
देहरादून- उत्तराखंड में तंबाकू और निकोटिन युक्त गुटखा,पान मसाला और अन्य खाद्य उत्पादों की बिक्री पर एक साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है।खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किया।प्रतिबंध के दायरे में ऐसे उत्पादों का निर्माण,भंडारण और वितरण भी शामिल है। आदेश के अनुसार,खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रविधानों और खाद्य सुरक्षा एवं मानक (विक्रय प्रतिषेध और निर्बन्धन) विनियम, 2011 के तहत यह कार्रवाई की गई है। आदेश जारी होने की तिथि यानी 13 अक्टूबर से अगले एक वर्ष तक यह प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।खाद्य सुरक्षा आयुक्त की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि खाद्य उत्पादों में तंबाकू और निकोटिन का इस्तेमाल प्रतिबंधित है।इसके बावजूद गुटखा और पान मसाला जैसे उत्पादों में इनका उपयोग किया जा रहा है।जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ऐसे उत्पादों पर रोक लगाना आवश्यक है।प्रतिबंध पूरे उत्तराखंड में प्रभावी रहेगा।आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तंबाकू और निकोटिन युक्त गुटखा,पान मसाला या किसी अन्य नाम से बाजार में उपलब्ध ऐसे खाद्य उत्पादों का निर्माण भंडारण,वितरण और बिक्री नहीं की जा सकेगी।

0 टिप्पणियाँ