सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेश स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में ग्लोकल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने रखे प्रभावशाली विचार
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-ग्लोकल विश्वविद्यालय के अतिरिक्त प्रतिकुलाधिपति श्री सैयद निजामुद्दीन एवं कुलसचिव प्रोफेसर शिवानी तिवारी के संरक्षण एवं प्रेरणा से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रीय चेतना तथा नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्लोकल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में सहभागिता कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता का विषय ‘मेरे सपनों का भारत - विकसित भारत की संकल्पना’ था। इस प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के 70 विश्वविद्यालयों ने सहभागिता की। विभिन्न विश्वविद्यालयों में आयोजित प्रारंभिक प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चयनित प्रतिभागियों को प्रदेश स्तर पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया गया।ग्लोकल विश्वविद्यालय की ओर से नोडल कार्यक्रम अधिकारी एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. शोभा त्रिपाठी के नेतृत्व में तीन विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें ग्लोकल लॉ स्कूल की अंशिका और उबैद तथा प्रौद्योगिकी विभाग के ज़ैद शामिल रहे। तीनों विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली वक्तव्यों के माध्यम से विकसित भारत की संकल्पना, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका तथा देश के उज्ज्वल भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किए। उनके विचारों एवं प्रस्तुति की सराहना की गई।इस प्रतियोगिता में सहभागिता विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास विकसित करने तथा प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों के साथ विचारों का आदान-प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध हुई। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।ग्लोकल विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके बौद्धिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय व्यक्तित्व के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। सेवा संकल्प अभियान इसी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, रचनात्मक चिंतन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ